कनाडा में फिर भारतीय मूल की छात्रा की गोली मारकर कर दी हत्या, इस महीने की दूसरी वारदात
कनाडा के हैमिल्टन में हरसिमरत नाम की छात्रा की गोली लगने से मौत हो गई। वह बस स्टॉप पर खड़ी थी।
कनाडा में भारतीय नागरिकों के खिलाफ हमलों की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। ताज़ा मामला है एक भारतीय छात्रा की हत्या का, जिसे हैमिल्टन शहर में गोली मार दी गई। ये छात्रा हरसिमरत रंधावा नाम की थी, जो कनाडा के मोहॉक कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। जानकारी के मुताबिक, हरसिमरत अपने काम पर जा रही थी और बस का इंतजार कर रही थी। उसी वक्त एक कार सवार शख्स आया और उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही हरसिमरत की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना को लेकर टोरंटो में भारतीय दूतावास ने दुख जताया है। दूतावास की ओर से बताया गया कि स्थानीय पुलिस जांच कर रही है और शुरुआती जानकारी में ये सामने आया है कि हरसिमरत इस मामले में सिर्फ एक निर्दोष पीड़ित थी, जिसे दो लोगों के आपसी झगड़े का शिकार होना पड़ा। भारतीय दूतावास का कहना है कि वो हरसिमरत के परिवार के संपर्क में हैं और पूरी मदद कर रहे हैं।