ट्रंप ने लांच किया अपना गोल्डन कार्ड, अब 5 मिलियन डॉलर देकर बन सकते है अमेरिकी नागरिक
डोनाल्ड ट्रंप एक तरफ अवैध प्रवासियों को देश से निकाल रहे हैं, तो दूसरी तरफ अमीरों को अमेरिका में बसने का मौका दे रहे हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इन दिनों कई काम एक साथ संभाल रहे हैं। एक ओर अवैध घुसपैठियों की तलाश जारी है, तो दूसरी ओर शांति वार्ताओं का दौर भी चल रहा है। इसके साथ ही, वे यूरोप और कनाडा को लेकर भी कड़े बयान दे रहे हैं। इसी बीच, ट्रंप ने एक और बड़ी घोषणा की है, अमेरिका में जल्द ही ‘गोल्ड कार्ड’ की बिक्री शुरू हो सकती है। यह खासतौर पर अमीर कारोबारियों के लिए होगा, जिससे उन्हें अमेरिका में बसने का मौका मिलेगा। इसमें रूस के अमीर लोग भी शामिल हो सकते हैं। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमीर लोगों के लिए 5 मिलियन डॉलर का गोल्ड कार्ड लॉन्च किया है। यह ग्रीन कार्ड का एक प्रीमियम वर्जन है, जो ज्यादा सुविधाएं देगा। ग्रीन कार्ड अमेरिका में स्थायी निवास (परमानेंट रेजिडेंसी) का अधिकार देता है, जिसके लिए दुनियाभर के लोग आवेदन करते हैं। इसे पाने के लिए पैसे नहीं, बल्कि कुछ शर्तें पूरी करनी होती हैं। लेकिन अब ग्रीन कार्ड का प्रो-मैक्स वर्जन आ गया है, जिसे पाने के लिए भारी रकम चुकानी होगी। डोनाल्ड ट्रंप के ऐलान के बाद रूसी अरबपतियों की चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि इससे अमेरिका में रूसी निवेश बढ़ सकता है। इसका मतलब यह भी हो सकता है कि रूस पर लगी पाबंदियां या तो खत्म हो सकती हैं या कम हो सकती हैं। साल 2024 में रूस अमीर देशों की सूची में पांचवें नंबर पर था, जिससे यह साफ है कि उसके पास निवेश के कई मौके हैं। इससे अमेरिकी बाजार को भी फायदा मिलेगा। इस बीच, कई देश जैसे डोमिनिका, सेंट लूसिया, सेंट किट्स एंड नेविस, ग्रेनाडा, एंटीगुआ एंड बारबुडा, तुर्की और माल्टा नागरिकता देने की स्कीम चला रहे हैं। ये योजनाएं ऐसे समय पर आ रही हैं जब ट्रंप ने अमेरिका में जन्म के आधार पर मिलने वाली नागरिकता खत्म करने का ऐलान कर दिया है, जिससे बड़ी आबादी प्रभावित हो सकती है। अमेरिका में ग्रीन कार्ड पाने के कई तरीके होते हैं। • परिवार के जरिए ग्रीन कार्ड – अगर कोई व्यक्ति अमेरिकी नागरिक है, तो उसके परिवार के करीबी सदस्य ग्रीन कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसमें उसकी पत्नी/पति, 21 साल से कम उम्र के गैर-शादीशुदा बच्चे और माता-पिता शामिल होते हैं। • नौकरी के आधार पर ग्रीन कार्ड – अमेरिका में काम करने वाले लोग भी ग्रीन कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसमें खास स्किल वाले प्रोफेशनल्स से लेकर ऐसे इनवेस्टर्स तक आते हैं, जो बिज़नेस करके दूसरों को रोजगार दे सकते हैं। • शरणार्थी (रिफ्यूजी) के लिए ग्रीन कार्ड – जो लोग शरणार्थी के रूप में अमेरिका आते हैं, वे एक साल बाद ग्रीन कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं। • डायवर्सिटी लॉटरी – अमेरिका उन देशों के लोगों को भी मौका देता है, जहाँ से बहुत कम इमिग्रेशन होता है। इसके लिए "डायवर्सिटी वीजा लॉटरी" नाम की एक प्रक्रिया होती है, जिससे हर साल कई लोगों को ग्रीन कार्ड मिलता है। • हिंसा या मानव तस्करी के शिकार लोगों के लिए ग्रीन कार्ड – अगर कोई व्यक्ति हिंसा या ह्यूमन ट्रैफिकिंग का शिकार हुआ है, तो वह भी ग्रीन कार्ड के लिए आवेदन कर सकता है। कुछ खास मामलों में, अपराध के शिकार लोगों को यू वीजा और मानव तस्करी के पीड़ितों को टी वीजा दिया जाता है, जिससे वे अमेरिका में रह सकें।