पुतिन ने यूक्रेन संघर्ष सुलझाने के प्रयासों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी का किया धन्यवाद
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन युद्ध विराम पर पहली बार खुलकर बात की। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, ट्रंप और अन्य नेताओं का धन्यवाद किया।
यूक्रेन-रूस युद्ध को तीन साल से ज्यादा हो चुके हैं, लेकिन अब इसके खत्म होने की उम्मीद नजर आ रही है। खासतौर पर जब डोनाल्ड ट्रंप दोबारा व्हाइट हाउस पहुंच चुके हैं, तो शांति वार्ता की कोशिशें तेज हो गई हैं। इस पूरी प्रक्रिया में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका भी काफी अहम रही है। न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पहली बार यूक्रेन के युद्ध विराम प्रस्ताव पर खुलकर बात की है। उन्होंने इस संघर्ष को खत्म करने की कोशिशों के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति लुईस इनासियो लूला दा सिल्वा समेत कई वैश्विक नेताओं का धन्यवाद किया है। गुरुवार को बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको के साथ बातचीत के दौरान पुतिन ने कहा कि रूस दुश्मनी खत्म करने के प्रस्ताव को मानने के लिए तैयार है, लेकिन शांति स्थायी होनी चाहिए। उन्होंने यह भी साफ किया कि सिर्फ युद्ध रोकना काफी नहीं है, बल्कि इस संकट की असली वजहों को भी दूर करना जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसा कोई विवाद दोबारा न हो।