गाजा में युद्ध विराम का पहला चरण रहा नाकाम, हमास का अब बचना मुश्किल
ट्रंप सरकार लगातार विदेशी मदद में कटौती कर रही है, लेकिन इजराइल को मिलने वाली सहायता बढ़ती ही जा रही है।
गाजा में युद्ध विराम का पहला चरण खत्म हो गया है। शनिवार को हमास ने घोषणा की कि स्थायी समझौते को लेकर चल रही बातचीत नाकाम हो गई है। इसके बाद एक बार फिर गाजा में युद्ध भड़कने की आशंका बढ़ गई है। इसी बीच, अमेरिका ने एक बार फिर इजराइल के लिए अपना समर्थन दिखाया है। दिलचस्प बात यह है कि ट्रंप सरकार अन्य देशों को दी जाने वाली अमेरिकी मदद कम कर रही है, लेकिन इजराइल को लगातार आर्थिक और सैन्य सहायता मिल रही है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने शनिवार को एक घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए, जिससे इजराइल को लगभग 4 बिलियन डॉलर (करीब 33 हजार करोड़ रुपये) की सैन्य सहायता जल्द ही भेजी जाएगी। इसके बाद अटकलें तेज हो गई हैं कि इजराइल जल्द ही गाजा में फिर से हमले शुरू कर सकता है।