दुनिया को चढ़ा घुमक्कड़ी का शौक, 2024 में 140 करोड़ रहा टूरिज्म आकड़ा
संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के अनुसार, 2024 में वैश्विक पर्यटन में काफी सुधार हुआ है। यह सुधार इस कदर था कि 2019 के कोविड से पहले के स्तर तक पहुंच गया।
कोरोना महामारी ने हमारी सेहत के साथ-साथ आर्थिक मोर्चों पर भी बड़ा नुकसान किया था। इसमें होटल और पर्यटन उद्योग सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। लेकिन अब यह उद्योग तेजी से पटरी पर लौट रहा है। संयुक्त राष्ट्र (यूएन) ने बताया है कि 2024 में वैश्विक पर्यटन में काफी सुधार देखने को मिला है। ये सुधार इतने बड़े स्तर पर हुआ कि यह 2019 यानी कोरोना के पहले के दौर के स्तर तक पहुंच गया। 2023 में जहां करीब 130 करोड़ अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों ने यात्राएं की थीं, वहीं 2024 में यह संख्या बढ़कर 140 करोड़ तक पहुंच गई। यह आंकड़े संयुक्त राष्ट्र के पर्यटन विभाग ने साझा किए हैं। सिर्फ पर्यटकों की संख्या ही नहीं बढ़ी, बल्कि 2024 में पर्यटन से होने वाली कमाई ने भी 2019 का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यह सुधार पूरी दुनिया के पर्यटन स्थलों और उनसे जुड़ी अर्थव्यवस्था के लिए बड़ा बदलाव साबित हुआ। रिपोर्ट की खास बातें: • 2024 में अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या 140 करोड़ तक पहुंची। • कोरोना महामारी के बाद पहली बार पर्यटन उद्योग ने 2019 के स्तर को छुआ। • पर्यटन स्थलों से होने वाली कमाई ने पुराने रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ दिया। • यह सुधार न सिर्फ पर्यटन उद्योग के लिए, बल्कि इससे जुड़े लाखों रोजगार के लिए भी फायदेमंद साबित हुआ। • वैश्विक अर्थव्यवस्था में पर्यटन ने फिर से अपनी अहम भूमिका निभानी शुरू की।