पाकिस्तान से 997 कंटेनर में क्या लेकर बांग्लादेश पहुंचा जहाज, जिसने भारत की बढ़ा दी चिंता
1971 के बाद यह दूसरी बार है जब पाकिस्तान से एक मालवाहक जहाज बांग्लादेश के चटगांव बंदरगाह पर पहुंचा। पाकिस्तान अपने गलत इरादों को पूरा करने के लिए बांग्लादेश का सहारा ले सकता है।
हाल ही में बांग्लादेश के अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने मिस्र की राजधानी काहिरा में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की। इस बातचीत में दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंध मजबूत करने पर चर्चा हुई। इसका असर अब देखने को मिल रहा है। 21 दिसंबर को पाकिस्तान के कराची से बांग्लादेश के चटगांव बंदरगाह पर दूसरा मालवाहक जहाज पहुंचा। इस जहाज का नाम “एमवी युआन जियांग फा झान” है। बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच व्यापारिक रिश्ते धीरे-धीरे बेहतर हो रहे हैं। ढाका ट्रिब्यून के अनुसार, यह मालवाहक जहाज पहले कराची से दुबई और फिर वहां से चटगांव पहुंचा है। इस जहाज का संचालन दुबई की कंपनी “फीडर लाइन्स डीएमसीसी” करती है। बांग्लादेश में इसका एजेंट “रीजेंसी लाइन्स लिमिटेड” है। जहाज पर कुल 997 कंटेनर लदे हुए हैं, जिनमें से 780 कंटेनर चटगांव बंदरगाह पर उतारे जाएंगे। खास बात यह है कि कराची से 678 कंटेनर लोड किए गए थे। 11 नवंबर को पहली बार एक जहाज पाकिस्तान से माल लेकर बांग्लादेश पहुंचा। इस जहाज में कुल 370 कंटेनर थे। इनमें से 328 कंटेनर चटगांव बंदरगाह पर उतारे गए। इन कंटेनरों में कपड़े, प्याज, आलू, कार के पुर्जे, चूना पत्थर, सोडा ऐश, मैग्नीशियम कार्बोनेट और डोलोमाइट जैसी चीजें भरी हुई थीं।