यूक्रेन को और उन्नंत हथियारों से लैस करेगा अमेरिका, क्रिसमस पर रुसी हमले के बाद बाइडेन का बड़ा बयान
जो बाइडन ने कहा है कि अमेरिका यूक्रेन को हथियारों की मदद आगे भी जारी रखेगा। उन्होंने बाकी देशों से भी अपील की है कि वे यूक्रेन का समर्थन करें और उसकी मदद के लिए आगे आएं।
RUSSIA UKRAINE WAR: अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने रूस द्वारा यूक्रेन पर किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के लोगों को भी शांति और सुरक्षा में जीने का अधिकार है। बाइडन ने यह भी घोषणा की कि अमेरिका यूक्रेन को और ज्यादा हथियार मुहैया कराएगा। साथ ही, उन्होंने बाकी देशों से अपील की है कि वे यूक्रेन का समर्थन करें और उसके साथ खड़े हों। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा, ‘रूस ने क्रिसमस के दिन यूक्रेन के शहरों और ऊर्जा के बुनियादी ढांचे पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया। इसका मकसद यूक्रेनी लोगों को सर्दियों में बिजली और गर्मी से वंचित करना और उनके बिजली ग्रिड को नुकसान पहुंचाना था। मैं यह साफ कर देना चाहता हूं कि यूक्रेनी लोगों को शांति और सुरक्षा में रहने का हक है। अमेरिका और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को यूक्रेन का समर्थन तब तक करना चाहिए, जब तक वह रूस की आक्रमणकारी नीतियों को मात नहीं दे देता।’