यूनुस के बदलते सुर, 95 भारतीय मछुआरों छोड़ने पर राजी हुआ बांग्लादेश
भारत और बांग्लादेश ने मछुआरों को रिहा करने का फैसला लिया। 5 जनवरी को दोनों देश हिरासत में बंद मछुआरों को उनके देश वापस भेजेंगे।
बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद भारत और उसके रिश्तों में खटास आ गई थी। लेकिन अब हालात बदलते नजर आ रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि दोनों देशों के बीच नए रिश्तों की शुरुआत हो सकती है। इसका संकेत इस बात से मिलता है कि दोनों देश एक-दूसरे की हिरासत में बंद मछुआरों को रिहा कर उनके देश वापस भेजने की तैयारी कर रहे हैं। बांग्लादेश 5 जनवरी को 95 भारतीय मछुआरों को रिहा करेगा, जो पिछले तीन महीनों से उनकी जेलों में बंद थे। इन मछुआरों के साथ उनकी छह नावें भी लौटाई जाएंगी। यह फैसला दोनों देशों के बीच कई बैठकों और बातचीत के बाद लिया गया है। इसके साथ ही बांग्लादेश ने इन मछुआरों पर दर्ज केस भी वापस लेने का फैसला किया है। भारत भी 5 जनवरी को जवाबी कदम उठाते हुए अपनी जेलों में बंद 90 बांग्लादेशी मछुआरों को रिहा करेगा। भारत उनकी नावें भी वापस करेगा, ताकि वे अपने रोज़गार को बिना किसी रुकावट के फिर से शुरू कर सकें।