ISI चीफ क्यों पहुंचे बांग्लादेश, भारत की बढ़ी चिंताएं
ISI के प्रमुख के बांग्लादेश दौरे के बाद भारत की पूर्वी और पूर्वोत्तर सीमाओं पर सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद, बांग्लादेश ने भारत से दूरी बढ़ाने की कोशिशें तेज कर दी हैं। अब बांग्लादेश के अधिकारी चीन और पाकिस्तान के साथ मिलकर कई मुद्दों पर बैठकें कर रहे हैं और लगातार दौरे कर रहे हैं। बुधवार को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के प्रमुख जनरल आसिफ मलिक ढाका पहुंचे। यह पहली बार है, जब दशकों बाद किसी पाकिस्तानी खुफिया प्रमुख ने बांग्लादेश का दौरा किया है। दुबई के रास्ते ढाका पहुंचे मलिक का स्वागत बांग्लादेश सेना के लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद फैजुर रहमान ने किया। ऐसा माना जाता है कि उनके इस्लामवादियों और पाकिस्तान के साथ कथित संबंध हैं। इस यात्रा के चलते भारत की पूर्वी और पूर्वोत्तर सीमाओं पर सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। माना जा रहा है कि इस दौरे का उद्देश्य बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खुफिया जानकारी साझा करना हो सकता है। कुछ जानकारों का मानना है कि यह यात्रा भारत के खिलाफ गतिविधियों को बढ़ावा देने की कोशिश हो सकती है। बांग्लादेश की सेना व्यापार के लिए भारत का विकल्प ढूंढ रही है और इसके लिए वह चीन और पाकिस्तान के साथ बातचीत कर रही है।