अफगानिस्तान - पाकिस्तान के बीच छिड़ी लड़ाई, अफगानी लड़ाकों ने मार गिराए 19 पाकिस्तानी सैनिक, एयरस्ट्राइक का लिया बदला
पाकिस्तान की सीमा से जुड़े अफगानिस्तान के खोस्त और पक्तिका प्रांतों में तगड़ी लड़ाई चल रही है। जिसमें 19 पाकिस्तानी सैनिक और 3 अफगान नागरिक अपनी जान गंवा चुके हैं।
पाकिस्तानी विमानों ने अफगानिस्तान के पूर्वी पक्तिका प्रांत में बमबारी की थी, जिसके बाद काबुल ने जवाबी हमला किया है। अफगान और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच दोनों देशों की सीमा पर जबरदस्त संघर्ष हो रहा है, जिसमें 19 पाकिस्तानी सैनिक और तीन अफगान नागरिक अपनी जान गंवा चुके हैं। पाकिस्तान की सीमा से सटे अफगानिस्तान के खोस्त और पक्तिका प्रांतों में भीषण लड़ाई जारी है। पाकिस्तान ने कथित तौर पर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आतंकवादी ठिकानों को नष्ट करने और विद्रोहियों को मारने के लिए एक सैन्य अभियान शुरू किया था। इस हमले में कम से कम 46 लोग मारे गए थे जिनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे थे। अफगान तालिबान ने पाकिस्तान के इस हमले को बर्बर बताया और कहा कि वह इसका बदला लेगा। इसके बाद, अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर जवाबी हमला करने के लिए 15 हजार लड़ाके भेजे हैं। शनिवार को अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि उसके सैनिकों ने पाकिस्तान के कुछ ठिकानों को निशाना बनाया। ये ठिकाने उन लोगों के छिपने के स्थान थे जो अफगानिस्तान में हमलों को अंजाम देने और उन्हें चलाने का काम करते थे। मंत्रालय के प्रवक्ता इनायतुल्लाह ख्वारजामी ने इन हमलों के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी। खबरों के अनुसार, अफगानिस्तान की इस जवाबी कार्रवाई को खोस्त प्रांत में लोगों ने खुशी के साथ मनाया। हजारों लोग अपने घरों से बाहर निकलकर अफगान सेना के समर्थन में नारे लगा रहे थे और इस कदम का जश्न मना रहे थे।