बिहार में जल्द विधानसभा चुनाव होने वाले हैं जिसके चलते राज्य की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। बक्सर की धरती से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि नीतीश कुमार सिर्फ सत्ता के लिए पाला बदलते हैं, और उनका BJP से गठबंधन केवल राजनीतिक स्वार्थ है। बक्सर के डलसागर स्टेडियम में कांग्रेस की ‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान’ रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने NDA को अवसरवादी गठबंधन बताया और बिहार की जनता से अपील की कि 2025 विधानसभा चुनाव में उन्हें सबक सिखाएं।
महात्मा गांधी की हत्या वाली सोच से जा मिले नीतीश
रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि नीतीश कुमार ने सत्ता की लालच में उस विचारधारा से हाथ मिला लिया, जिसने महात्मा गांधी की हत्या की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि JDU-BJP की साझेदारी न तो बिहार के गरीबों के हित में है, न ही यह सामाजिक न्याय की सोच को आगे बढ़ाती है।
1.25 लाख करोड़ का वादा कहां गया, जवाब दो!
अपने संभाषण में खरगे ने PM मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि 2015 में पीएम मोदी ने बिहार को 1.25 लाख करोड़ का विशेष पैकेज देने का वादा किया था। लेकिन उसका क्या हुआ? कोई हिसाब नहीं, कोई जवाब नहीं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि "मोदी जी सिर्फ झूठ की फैक्टरी चला रहे हैं" और बिहार के लोग अब इस प्रचार की राजनीति को समझ चुके हैं।
PM मोदी कांग्रेस को दुश्मन की तरह देखते हैं
मल्लिकार्जुन खरगे ने यह भी कहा कि मोदी सरकार कांग्रेस को राजनीतिक दुश्मन की तरह टारगेट कर रही है। उन्होंने नेशनल हेराल्ड केस का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी, सोनिया गांधी और रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ चार्जशीट सिर्फ डराने और बदनाम करने की साजिश है। लेकिन गांधी परिवार न कभी झुका है, न झुकेगा। उन्होंने याद दिलाया कि नेहरू ने आनंद भवन देश को दान किया था और राजीव गांधी ने देश के लिए जान दी थी – ऐसे परिवार को डराना आसान नहीं।
RSS और BJP समाज को तोड़ने में लगे हैं
वरिष्ठ कांग्रेस नेता खरगे ने भाजपा और संघ पर जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये लोग समाज के गरीब, महिलाओं और कमजोर तबकों के खिलाफ हैं। इनकी सोच सामाजिक कल्याण नहीं, सिर्फ सत्ता की राजनीति है। उन्होंने RSS पर भी हमला बोला और कहा कि ये संगठन सामाजिक न्याय की अवधारणा को कमजोर करने का काम कर रहा है।
नीतीश कुमार सत्ता के भूखे नेता हैं
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर खरगे ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, "नीतीश कुमार देश के या बिहार के गरीबों के लिए नहीं, बल्कि अपनी कुर्सी बचाने के लिए गठबंधन बनाते-बदलते हैं। कभी इधर, कभी उधर – जनता सब देख रही है।" उन्होंने कहा कि बिहार को किसी से सीखने की जरूरत नहीं है। अपने भाषण के अंत में खरगे ने बिहार की गौरवशाली विरासत को नमन करते हुए कहा कि बिहार वह भूमि है जहां से गांधी जी ने चंपारण से देश की आजादी की शुरुआत की थी। बिहार के लोग समझदार हैं और अब वे धोखा नहीं खाएंगे।
यह भी पढ़ें: संघ की बदलती रणनीति! महिलाओं को आगे लाकर क्या RSS राजनीतिक समीकरण बदलने की तैयारी कर रहा है? पीएम मोदी का उत्तराधिकारी कौन होगा? बीजेपी और RSS में मची सियासी हलचल, नाम सामने आए! मोहन भागवत ने दिया ‘एक मंदिर, एक श्मशान’ का संदेश तो भड़की कांग्रेस ने बताया ‘सांप्रदायिक एजेंडा’