AIMA की प्लेटिनम जुबली कार्यक्रम में शामिल हुए करण अदाणी, बताया- ग्लोबल मार्केट में सही नैरेटिव जरूरी
AIMA Platinum Jubilee 2026: अदाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड लिमिटेड के प्रबंध निदेशक करण अदाणी ने एआईएमए के प्लेटिनम जुबली (70वें) स्थापना दिवस समारोह में भाग लिया।
AIMA Platinum Jubilee 2026: अदाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड लिमिटेड के प्रबंध निदेशक करण अदाणी ने एआईएमए के प्लेटिनम जुबली (70वें) स्थापना दिवस समारोह में भाग लिया। ऑल इंडिया मैनेजमेंट एसोसिएशन (AIMA) की प्लेटिनम जुबली के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में, करण अदाणी ने ग्रुप की दशा और दिशा के बारे में विस्तार से बताया।
ग्रुप का निवेश तीन मुख्य स्तंभों पर टिका
शनिवार को अदाणी पोर्ट्स और एसईजेड के मैनेजिंग डायरेक्टर करण अदाणी ने ग्रुप की दशा और दिशा के बारे में विस्तार से बताया। अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी के बेटे करण अदाणी, ने कहा कि ग्रुप का निवेश तीन मुख्य स्तंभों पर टिका है - एनर्जी, लॉजिस्टिक्स और भारत के विकास के लिए ज़रूरी कोर मैटीरियल्स। ऊर्जा के क्षेत्र में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन, ट्रांसमिशन नेटवर्क और डेटा सेंटर्स जैसे नए डिजिटल एसेट्स लंबे समय तक ग्रुप की प्राथमिकता रहेंगे।
आत्मनिर्भरता रणनीतिक जरूरत
डिफेंस सेक्टर पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता भारत की एक बड़ी रणनीतिक ज़रूरत है। उन्होंने बताया कि ब्राज़ील की कंपनी एंब्रायर के साथ हालिया साझेदारी जैसे कदम, मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल (MRO) क्षमताओं को मज़बूत करने की दिशा में उठाया गया कदम है। इसका मकसद घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को ग्लोबल सप्लाई चेन से जोड़ना है।
स्पीड और स्केलेबिलिटी पर फोकस
अदाणी पोर्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर करण अदाणी ने आगे कहा कि तेज़ी से विस्तार की वजह से मैनेजमेंट के कई लेयर बन गए, जिससे फैसले लेने में देरी होती है। अब प्राथमिकता यह है कि ढांचे को सरल बनाकर फिर से स्पीड और स्केलेबिलिटी लाई जाए। उन्होंने बताया कि ग्रुप अपने कर्मचारियों की औसत उम्र, जो अभी 38 साल है, उसे कम करने की दिशा में काम कर रहा है ताकि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को तेजी से अपनाया जा सके।
ग्लोबल मार्केट में सही नैरेटिव जरूरी
गवर्नेंस, रेगुलेटरी जांच और मीडिया कवरेज से जुड़े सवालों पर करण अदाणी ने कहा कि किसी भी मुश्किल दौर में मज़बूत संचालन क्षमता और साफ-सुथरा कम्युनिकेशन ही सबसे बड़ी ताकत होती है।
उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर बिज़नेस से लगातार होने वाली आमदनी ग्रुप की बड़ी ताकत है, हालांकि पहले कुछ जगहों पर ज्यादा निर्भरता भी रही। अब संस्थागत ढांचे को मजबूत करने और नए पार्टनर जोड़ने पर काम हो रहा है।
F1 शुरू करने में दिखाई दिलचस्पी
करण अदाणी ने भारत में फॉर्मूला-1 (F1) रेसिंग को दोबारा शुरू करने में भी दिलचस्पी जताई। जयप्रकाश ग्रुप से जुड़े एसेट्स, जिनमें ग्रेटर नोएडा का बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट भी शामिल है, इस पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अगर F1 की वापसी होती है तो उसका मकसद ग्लोबल लेवल का बेंचमार्क सेट करना होगा।