दिल्ली का नया मुख्यमंत्री कौन? प्रवेश वर्मा हुए दौड़ से बाहर, ये तीन नाम सबसे आगे
दिल्ली में मुख्यमंत्री पद को लेकर सस्पेंस अभी भी बरकरार है। सूत्रों के मुताबिक, BJP मनजिंदर सिंह सिरसा, जितेंद्र महाजन और रेखा गुप्ता के नाम पर विचार कर रही है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हुए एक हफ्ता बीत चुका है, लेकिन राजधानी के नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर अटकलों का दौर जारी है। चुनावी जीत के बाद BJP ने अभी तक मुख्यमंत्री पद के लिए किसी एक नाम की घोषणा नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि 19 फरवरी को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसी दिन नई सरकार का गठन भी होगा। इस बीच बड़ी खबर सामने आ रही है कि नई दिल्ली सीट से नवनिर्वाचित विधायक प्रवेश वर्मा मुख्यमंत्री की दौड़ से बाहर हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी अब मनजिंदर सिंह सिरसा, जितेंद्र महाजन समेत रेखा गुप्ता के नाम पर विचार कर रही है। इन तीनों में से किसी एक को दिल्ली की कमान सौंपी जा सकती है। मनजिंदर सिंह सिरसा का नाम इसलिए चर्चा में है क्योंकि वह सिख समुदाय के प्रभावशाली नेता माने जाते हैं। दिल्ली में बड़ी संख्या में सिख मतदाता हैं, और पंजाब में 2027 में होने वाले चुनाव को ध्यान में रखते हुए, बीजेपी इस समुदाय को साधने की कोशिश कर सकती है। इसके अलावा, हरियाणा में बीजेपी की हालिया जीत को देखते हुए, हरियाणा से जुड़े होने के कारण सिरसा का नाम भी मजबूती से आगे बढ़ रहा है। जितेंद्र महाजन का नाम इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि वह दिल्ली की राजनीति में एक जमीनी नेता के रूप में जाने जाते हैं। आम जनता के बीच उनकी छवि सरल और मिलनसार नेता की बनी हुई है। कई बार विधायक रह चुके महाजन ने विधानसभा के अंदर और बाहर अपनी प्रभावशाली कार्यशैली से सभी का ध्यान खींचा है। इसी कारण बीजेपी नेतृत्व उन्हें मुख्यमंत्री पद के लिए एक मजबूत विकल्प मान रहा है। अगर बीजेपी दिल्ली में महिला नेतृत्व को प्राथमिकता देना चाहती है, तो रेखा गुप्ता सबसे उपयुक्त उम्मीदवार हो सकती हैं। वह शालीमार बाग से विधायक हैं और संगठन में काफी सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। दिल्ली में महिला मतदाताओं की संख्या को देखते हुए, बीजेपी एक महिला मुख्यमंत्री बनाकर एक नई रणनीति पर काम कर सकती है। रेखा गुप्ता ने भी मीडिया से बातचीत में कहा है कि बीजेपी शीर्ष नेतृत्व बहुत सोच-समझकर निर्णय लेगा और एक बेहतरीन नाम सामने आएगा। यह भी पढ़ें : केजरीवाल के 'शीश महल' की जांच के आदेश, CVC करेगा वित्तीय अनियमितताओं की पड़ताल