लंदन में दिखा अजीबो-गरीब नज़ारा, बिना पतलून के नज़र आये लोग; जानें वजह
No Trouser Day London लंदन में हाल ही में कुछ अजीब तस्वीरें और वीडियो सामने आई हैं, तस्वीरों में लोग बिना पैंट के सफर करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
No Trouser Day London: लंदन की मेट्रो में एक ऐसा दृश्य देखा गया, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए। लोगों ने कमर से ऊपर तो पूरे कपड़े पहने थे, लेकिन कमर से नीचे सिर्फ इनरवियर ही था। आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि रविवार को लंदन का तापमान 4 से माइनस 3 डिग्री के बीच था, फिर भी लंदन के लोग मेट्रो में बिना पतलून के नजर आए। हालांकि, उनके पैरों में जूते और मोजे थे, लेकिन पैंट नहीं थी। असल में लंदन के उत्सवप्रेमी लोग "लंदन ट्यूब नो ट्राउज़र डे" मना रहे थे। इसका मतलब था कि इस दिन उन्हें लंदन मेट्रो यानी ट्यूब में पैंट, पतलून या पजामा नहीं पहनना था। इस अभियान में लड़कियां और महिलाएं भी शामिल थीं, जो कमर के नीचे केवल इनरवियर में दिख रही थीं। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, लंदन के वाटरलू, वेस्टमिंस्टर और साउथ केंसिंग्टन स्टेशनों पर भी ऐसी ही भीड़ देखी गई। कई तस्वीरों और वीडियो में यात्री एस्केलेटर से उतरते हुए, प्लेटफॉर्म पर सेल्फी लेते हुए, या बस के अंदर अपने इनरवियर के रंग दिखाते हुए पोज देते नजर आए। द इंडिपेंडेंट के मुताबिक, फेसबुक पर एक पोस्ट में कार्यक्रम के आयोजकों ने प्रतिभागियों से कहा कि वे जितना हो सके साधारण या सामान्य पैंट पहनें, ताकि ऐसा लगे कि वे अपनी पैंट भूल गए हैं। 40 वर्षीय निजी प्रशिक्षक डेव सेल्किर्क ने एसोसिएटेड प्रेस से कहा कि इस आयोजन का कोई खास उद्देश्य नहीं है, सिवाय इसके कि यह सर्दियों के उदास मौसम में थोड़ा मजा और मस्ती लाने के लिए है। बहुत कुछ बुरा हो रहा है और कई चीजें ऐसी हैं जो मजेदार नहीं हैं, इसलिए सिर्फ दिखावे के लिए कुछ हल्का-फुल्का करना अच्छा लगता है।