लालू यादव ने मोदी सरकार पर रेलवे को लेकर साधा निशाना, कहा- ये कहीं रेल की पटरियां ना बेच दें…
लालू यादव ने रेलवे दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने जुलाई में कहा था कि 13 दिनों में 7 रेल दुर्घटनाएं होना बेहद चिंताजनक है।
By - Vibhav Shukla
Update: 2024-10-06 06:37 GMT
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने एक बार फिर भारतीय रेलवे के हालात को लेकर बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पर आरोप लगाया कि वे रेलवे की बुनियादी संरचना को बेचने की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं। लालू यादव, जो 2004 से 2009 तक देश के रेल मंत्री रह चुके हैं, ने लिखा, "अब ये कहीं रेल की पटरियां ना बेच दें।" उन्होंने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में रेलवे का किराया और भाड़ा बढ़ा दिया गया है, प्लेटफार्म टिकट की कीमतें बढ़ी हैं, स्टेशन बेचे जा रहे हैं, और जनरल बोगियों की संख्या घटाई जा रही है। इसके अलावा, बुजुर्गों को मिलने वाले लाभ को खत्म किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे में सुरक्षा घटने के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।