गिरिराज सिंह की यात्रा पर भड़के कांग्रेस नेता, कहा- कहीं किसी विदेशी ताकत ने सुपारी तो नहीं दी…
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की बिहार में हिंदू स्वाभिमान यात्रा को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। गिरिराज सिंह हिंदुओं को एकजुट होने का आह्वान कर रहे हैं, जिस पर जदयू और कांग्रेस ने आपत्ति जताई है। कांग्रेस नेता तारीक अनवर ने इस यात्रा को देश में अराजकता फैलाने वाला करार दिया और इस पर विदेशी ताकतों का हाथ होने का आरोप लगाया है।
बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह इन दिनों बिहार में अपनी हिंदू स्वाभिमान यात्रा को लेकर चर्चा में हैं। यह यात्रा भागलपुर से शुरू होकर कटिहार, पूर्णिया और अररिया होते हुए किशनगंज तक पहुंचेगी। गिरिराज सिंह इस यात्रा के दौरान हिंदुओं को एकजुट होने और अपने धर्म की रक्षा करने की बात कर रहे हैं। गिरिराज सिंह की यात्रा पर पहले ही जदयू नेता खालिद अनवर ने सवाल उठाए थे, कहा कि इस यात्रा से बिहार का सामाजिक ताना-बाना नहीं टूटेगा। उन्होंने यह भी भविष्यवाणी की कि बीजेपी गिरिराज को जल्द ही पार्टी से अलग कर देगी। अब इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता तारीक अनवर ने भी अपनी राय रखी है। उन्होंने गिरिराज सिंह की यात्रा को देश में अराजकता फैलाने वाला करार दिया और आरोप लगाया कि यह यात्रा देश में सामाजिक सद्भाव को खत्म करने की एक साजिश है।