American Tariff: ट्रम्प के टैरिफ से दुनियाभर के शेयर बाजार हुए धड़ाम, निवेशकों में चिंता
American Tariff: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा पारस्परिक टैरिफ लागू करने की घोषणा के बाद वैश्विक शेयर बाजारों में भारी गिरावट आई।
American Tariff: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा पारस्परिक टैरिफ लागू करने की घोषणा के बाद वैश्विक शेयर बाजारों में भारी गिरावट देखने को मिली। अमेरिका सहित एशियाई शेयर बाजारों में तेज गिरावट दर्ज की गई, जबकि अमेरिकी डॉलर में आधा प्रतिशत की गिरावट आई। दूसरी ओर, निवेशकों ने सुरक्षित-संपत्ति के रूप में सोने की ओर रुख किया, जिससे इसकी कीमतें सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गईं।
अमेरिकी शेयर बाजार में बड़ी गिरावट
टैरिफ की घोषणा के बाद अमेरिकी स्टॉक वायदा में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे वैश्विक व्यापार युद्ध की आशंका बढ़ गई। डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज वायदा 1,069 अंक या 2.5% गिर गया, जबकि एसएंडपी 500 वायदा में 3.6% और नैस्डैक-100 वायदा में 4.5% की गिरावट आई। इस फैसले से मल्टीनेशनल कंपनियों के शेयरों में नुकसान हुआ। नाइक और एप्पल के शेयर लगभग 7% तक गिर गए। आयातित वस्तुओं पर निर्भर कंपनियों पर इसका सबसे अधिक असर पड़ा। फाइव बिलो 14% लुढ़क गया, डॉलर ट्री में 11% और गैप में 8.5% की गिरावट देखी गई। टेक कंपनियों के शेयर भी प्रभावित हुए, जहां एनवीडिया में 5% और टेस्ला में 7% की गिरावट आई।एशियाई बाजारों में भी गिरावट
टैरिफ में वृद्धि की घोषणा के बाद एशियाई बाजारों में भी गिरावट देखी गई। टोक्यो का निक्केई 225 सूचकांक शुरुआती कारोबार में 4% तक गिरा, हालांकि बाद में यह कुछ संभला और 2.9% की गिरावट के साथ 34,675.97 पर बंद हुआ। ट्रम्प प्रशासन द्वारा जापान पर 24% और दक्षिण कोरिया पर 25% टैरिफ लगाने से वहां के बाजारों में भी हलचल मच गई।इन देशों पर भी पड़ा असर-
- दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.5% गिरकर 2,468.97 पर आ गया।
- हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग 1.4% गिरकर 22,887.03 पर बंद हुआ।
- शंघाई कंपोजिट इंडेक्स मामूली गिरावट के साथ 3,348.67 पर रहा।
- ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी/एएसएक्स 200 1.3% गिरकर 7,830.30 पर आ गया।