Weather Update Today: देश के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड प्रकोप जारी है। रात के समय तापमान में काफी गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी भागों में ठंडी हवाओं से जनजीवन काफी प्रभावित हुआ है। इसके साथ ही घने कोहरे के कारण यातायात पर भी काफी प्रभाव पड़ा है। अगले दो दिन में उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई गई है।
घने कोहरे का अलर्ट जारी
इस मौसम में ठंड से ज्यादा असर कोहरे का देखने को मिलता है। सडकों पर वाहन चालकों के लिए काफी समस्या होती है। हाल ही में घने कोहरे के कारण देशभर में कई बड़े सड़क हादसे सामने आए हैं। दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद में सुबह के समय घना कोहरा दिखाई दे रहा है। जबकि यूपी और हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में भी कोहरे का बड़ा असर दिखाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 'अत्यधिक घने कोहरे' का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। अगले 24 घंटे में एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश के उत्तर पूर्वी इलाकों में एक्टिव होने के आसार हैं। जिसके असर से प्रदेश में कोहरे और सर्दी का असर बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में शीतलहर का दौर जारी रहेगा। शेखावाटी क्षेत्र और उसके आस-पास के जिलों में इसका प्रभाव सबसे अधिक रहेगा। शेखावाटी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, जबकि अन्य क्षेत्रों में यह 8 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच है।
ये भी पढ़ें: चक्रवात 'डिटवाह' का बना खतरा, इन राज्यों में बारिश की संभावना कई राज्यों में दिखेगा चक्रवाती तूफान 'मोंथा' का असर, IMD ने जारी किया अलर्ट