भारत के चुनाव में नहीं लगा कोई USAID का पैसा, वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट से हुआ खुलासा
वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2023-24 में USAID ने भारत में 7 प्रोजेक्ट्स के लिए 750 मिलियन डॉलर (करीब 65 अरब रुपये) की फंडिंग दी।
अमेरिका की एजेंसी USAID की फंडिंग को लेकर इन दिनों काफी विवाद हो रहा है, जो अमेरिका से लेकर दिल्ली तक चर्चा में है। इसी बीच भारत के वित्त मंत्रालय ने एक रिपोर्ट जारी की है, जिसमें इस फंडिंग से जुड़ी कई अहम जानकारियां दी गई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, USAID ने वित्त वर्ष 2023-24 में भारत में 7 प्रोजेक्ट्स के लिए करीब 750 मिलियन डॉलर (लगभग 65 अरब रुपये) की फंडिंग दी। इस फंड का इस्तेमाल कहां-कहां किया गया, इसकी पूरी जानकारी रिपोर्ट में दर्ज है। हालांकि, रिपोर्ट में यह साफ किया गया है कि इस फंड का उपयोग वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने जैसे किसी भी काम के लिए नहीं किया गया। वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, यूएसएड (USAID) ने भारत में कृषि, खाद्य सुरक्षा, जल, स्वच्छता, नवीकरणीय ऊर्जा, आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य से जुड़े प्रोजेक्ट्स के लिए फंडिंग की है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि यूएसएड ने वन और जलवायु संरक्षण कार्यक्रम तथा ऊर्जा दक्षता और नई तकनीकों के विकास के लिए भी मदद का वादा किया है। भारत को अमेरिका से आर्थिक सहायता मिलना 1951 में शुरू हुआ था। अब तक यूएसएड ने भारत में 555 प्रोजेक्ट्स के लिए कुल 1700 करोड़ रुपये की सहायता दी है।