सोनू निगम ने 'भड़काऊ भाषण' देने के आरोप में दर्ज हुई FIR पर दी प्रतिक्रिया, बोले- 'पहलगाम में जो घटना हुई..'
हाल ही में, सिंगर सोनू निगम ने कॉन्सर्ट विवाद के चलते दर्ज हुई एफआईआर पर प्रतिक्रिया दी है। आइए आपको बताते हैं।
सिंगर सोनू निगम इस समय अपने बेंगलुरु कॉन्सर्ट को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। दरअसल, कॉन्सर्ट में जब एक स्टूडेंट ने उनसे कन्नड़ भाषा में गाने के लिए कहा था, तो सिंगर ने इस पर भड़कते हुए पहलगाम आतंकी हमले से इसकी तुलना की थी। अब, सिंगर अपने इसी बयान को लेकर विवादों में फंस गए हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने भड़काऊ भाषण दिया था, जिसके चलते उनपर एफआईआर भी दर्ज की गई है। अब, सोनू ने इस पर सफाई पेश करते हुए एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने अपने वीडियो में कहा कि रिक्वेस्ट करने और धमकाने में अंतर होता है। उन्होंने कहा कि कॉन्सर्ट में चार-पांच 'गुंडे जैसे' लोग थे, जिनसे लड़कियां भी परेशान थीं। उन्हें बाकी के लोग भी शांत रहने के लिए कह रहे थे। सोनू ने अपने वीडियो में कहा, ''उन चार या पांच लोगों को याद दिलाना जरूरी है कि जब पहलगाम में घटना हुई थी और लोगों से अपनी पैंट उतारने के लिए कहा गया था, तो उनसे नहीं पूछा गया था कि वे कौन सी भाषा बोलते हैं। कन्नड़ बोलने वाले लोग बहुत प्यारे हैं। अगर आप मेरे कमेंट को देखें, तो यह गलत नहीं है। इसे गलत मत समझें, ऐसा कुछ नहीं है (कन्नड़ समुदाय के अपमान जैसा)।'' सोनू निगम आगे कहते हैं, ''हर जगह कुछ लोग होते हैं, जिन्हें लोगों को धमकाने और गाने के लिए मजबूर करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। हमें दुनियाभर से प्यार मिलता है। हम यहां (बेंगलुरु) एक घंटे के कन्नड़ गानों के सेट की तैयारी करके आते हैं। मैंने स्टेज पर भी यह बात कही, लेकिन जो लोग धमकाते हैं, उन्हें रोकना जरूरी है, नहीं तो वे 'बवासीर' बन जाते हैं।'' सोनू निगम ने अपने वीडियो के आखिर में कहा कि कुछ लोग मोहब्बत भरे माहौल में नफरत फैलाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा, ''मोहब्बत की जमीन पर नफरत के बीज बोने वाले.. अगर कोई ऐसा कर रहा है, तो हमें इसे तुरंत रोकना चाहिए, क्योंकि हमें लास्ट में इसका बुरा अंजाम भुगतना होगा। कन्नड़ के लोग अच्छे हैं, इसलिए इसे सहज न बनाएं। वहां सिर्फ चार ऐसे लड़के थे जिन्होंने गुस्से में मेरी आंखों में देखा और पहले गाने से ही जो किया, वह करना (परेशान) शुरू कर दिया। यह शो के आधे घंटे बाद से शुरू हो गया था। वे डिमांड नहीं कर रहे थे, वे धमका रहे थे। आप उनके आसपास के लोगों से पूछ सकते हैं। आप सभी को ढेर सारा प्यार।''