सीमा पाहवा ने कही फिल्में छोड़ने की बात, बोलीं- 'अब हमारी जरूरत नहीं, बिजनेसमैन चला रहे इंडस्ट्री'
हाल ही में, अभिनेत्री सीमा पाहवा ने खुलासा किया कि अब फिल्म इंडस्ट्री को बिजनेसमैन चला रहे हैं, इसलिए अब वह फिल्म छोड़ने का सोच रही हैं।
दिग्गज अभिनेत्री सीमा पाहवा पिछले 5 दशकों से फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। हालांकि, अब वह फिल्मों में और काम नहीं करना चाहतीं। उन्होंने हाल ही में फिल्म इंडस्ट्री के हालात पर बात की है और बताया कि अब वह फिल्म इंडस्ट्री छोड़ने का मन बना रही हैं। सीमा बताती हैं कि आजकल इंडस्ट्री में सिर्फ नंबर्स को देखा जाता है, सिर्फ कमर्शियल फिल्मों पर ध्यान दिया जाता है। उनके शब्दों में, ''इंडस्ट्री ने आर्टिस्टिक वैल्यू को साइडलाइन कर दिया है। मैं समझ सकती हूं कि वो पैसा कमाना चाहते हैं और शायद उन्हें हमारे जैसे लोगों की जरुरत नहीं है। वो हमें पुराने लोग कहते हैं। वे कहते हैं कि हमारे सोचने का तरीका बहुत पुराना हो चुका है। वो हमसे बहस करते हैं कि एक एक्टर ही फिल्म को चलाता है। उनके हिसाब से कमर्शियल ही फिल्मों को चलाता है।'' हालांकि, इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि कम बजट में बनने वाली अच्छी फिल्मों को दर्शक बहुत कम मिल पाते हैं, जिसकी वजह से मेकर्स का विश्वास और मनोबल टूटता है। ऐसे में सीमा का कहना है, ''अगर आप अच्छी कम बजट की फिल्म बनाते हैं, तो 5 में से 2 चलेंगी, लेकिन वो पुराने ही फॉर्मूला पर रहना चाहते हैं। ओटीटी की अपनी अलग परेशानियां हैं। मैंने खुद को थिएटर की तरफ मोड़ा। मुझे नहीं लगता कि हमें फिल्मों में वो रिस्पेक्ट और वो काम मिलेगा, जो हम डिजर्व करते हैं। मैंने 55 साल दे दिए इंडस्ट्री में लेकिन कोई आकर कहे कि किसी के 5 साल मेरे से ऊपर हैं, तो इससे दिल दुखता है। मुझे बहुत हर्ट हुआ, इसीलिए मैं थिएटर की तरफ मुड़ी और मैं जो काम कर रही हूं उससे खुश हूं।''