पवन कल्याण की पत्नी अन्ना लेजनेवा ने तिरुमाला मंदिर में अर्पित किए अपने बाल, बेटे मार्क के आग में फंसने के बाद मांगी थी मन्नत
हाल ही में, पवन कल्याण की पत्नी अन्ना लेजनेवा ने अपने बेटे मार्क शंकर के आग से सुरक्षित बचने के बाद तिरुमाला में अपने बाल अर्पित किए।
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की पत्नी अन्ना कोनिडेला ने हाल ही में तिरुमाला मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर को अपने बाल अर्पित किए। दरअसल, बीते दिनों सिंगापुर में एक स्कूल में लगी भीषण आग में उनका बेटा मार्क शंकर फंस गया था। उनके इस आग से सुरक्षित बचने के बाद उनकी मां अन्ना ने भगवान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने बाल अर्पित किए, जिसकी कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। बता दें कि आंध्र प्रदेश में जरूरी प्रशासनिक जिम्मेदारियों के कारण पवन कल्याण अपनी पत्नी के साथ इस अनुष्ठान में शामिल नहीं हो सके। उपमुख्यमंत्री बनने के बाद से पूर्व अभिनेता ने प्रशासनिक कार्यों और जन संपर्क इवेंट्स में एक्टिवली शामिल होना शुरू कर दिया है। बता दें कि पवन कल्याण आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में आधिकारिक दौरे पर थे, जब उन्हें अपने बेटे की दुर्घटना की खबर मिली। वह पहले अपना काम पूरा करना चाहते थे, लेकिन पार्टी के वरिष्ठ अधिकारियों के कहने पर उन्होंने अपनी प्लानिंग बदल दी। पीएम नरेंद्र मोदी ने भी इस पर चिंता व्यक्त की थी। पवन 12 अप्रैल 2025 को देर रात अपनी पत्नी अन्ना और बेटी पोलेना के साथ हैदराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अपने बेटे मार्क को गोद में लिए हुए नजर आए। 'एक्स' पर आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने लिखा था, "सिंगापुर में मेरे बेटे मार्क शंकर के समर कैंप में आग लगने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद, मैं दुनिया भर से मिल रही प्रार्थनाओं, चिंताओं और समर्थन से अभिभूत हूं। मैं इस कठिन समय में हमारे परिवार के साथ खड़े रहने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जन सेना पार्टी के नेताओं, जन सैनिकों, शुभचिंतकों, फिल्म बिरादरी के सदस्यों, दोस्तों और दुनिया भर के समर्थकों का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। मार्क शंकर अब स्थिर हैं और ठीक हो रहे हैं। आपके हार्दिक संदेशों ने वास्तव में हमें ताकत दी है।"