परेश रावल के वकीलों ने बताई 'हेरा फेरी 3' छोड़ने की वजह, बोले- 'एक्टर को नहीं मिली थी स्क्रिप्ट'
हाल ही में, परेश रावल की लीगल टीम ने खुलासा किया कि अभिनेता ने फिल्म 'हेरा फेरी 3' को बीच में क्यों छोड़ दिया।
दिग्गज अभिनेता परेश रावल पिछले काफी समय से 'हेरा फेरी 3' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। उन्होंने अचानक फिल्म को बीच में ही छोड़ दिया, जिससे फैंस तो परेशान हैं ही, साथ ही स्टारकास्ट भी शॉक्ड है। परेश को फिल्म में एक बार फिर 'बाबू राव' की भूमिका निभाने के लिए साइन किया गया था, लेकिन उन्होंने फिल्म को बाद में छोड़ दिया। अब, एक नए अपडेट में परेश रावल की टीम ने आखिरकार उनके बाहर निकलने की वजह बताई है। उनकी लीगल टीम ने बताया कि उन्हें स्क्रिप्ट नहीं मिली थी। उन्होंने आगे बताया कि परेश रावल के बाहर निकलने का एक और कारण निर्माता साजिद नाडियाडवाला के चचेरे भाई फिरोज नाडियाडवाला से आया एक नोटिस था। फिरोज ने फिल्म के निर्माण पर एक मुद्दा उठाया था। इन सभी मुद्दों ने परेश को फिल्म छोड़ने के लिए मजबूर किया और साथ ही साइनिंग अमाउंट ब्याज सहित वापस कर दिया। बता दें कि इससे पहले, परेश रावल ने अपनी एक 'एक्स' पोस्ट में बताया था कि उनके वकील ने फिल्म से उनके बाहर होने और कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने को लेकर कानूनी जवाब भेज दिया है। उन्होंने पोस्ट में लिखा था, “मेरे वकील ने मेरे सही तरीके से फिल्म छोड़ने पर जवाब भेज दिया है। अब सब कुछ साफ हो जाएगा।” बता दें कि फिल्म को अचानक छोड़ देने की वजह से अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस 'केप ऑफ गुड फिल्म्स' ने परेश पर कॉन्ट्रैक्ट का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था और नुकसान की भरपाई करने के लिए 25 करोड़ की डिमांड की थी। ये भी पढ़ें: