अचानक नहीं हुआ कुछ, महीनो से पाकिस्तान में चल रही थी पहलगाम हमले की साजिश, कौन लोग थे शामिल?
एक वीडियो में लश्कर डिप्टी चीफ कसूरी ने 2026 तक कश्मीर कब्जे का दावा किया, मीटिंग में पाक एजेंसियों की भूमिका भी उजागर हुई।
पाकिस्तान की धरती से एक बार फिर आतंक की साजिश सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा बीते चार महीनों से जम्मू-कश्मीर में एक बड़े आतंकी हमले की तैयारी कर रहा था। इस साजिश की जानकारी तब सामने आई जब संगठन के डिप्टी चीफ सैफुल्लाह कसूरी का एक वीडियो सामने आया। यह वीडियो फरवरी 2025 का है, जिसमें कसूरी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के मालाकंड इलाके में आतंकियों की एक सभा को संबोधित कर रहा है। सभा में कसूरी ने भारत के खिलाफ ज़हर उगला और दावा किया कि 2 फरवरी 2026 तक कश्मीर पर कब्जा कर लिया जाएगा। उसने कहा, "आज 2 फरवरी 2025 है, और मैं वादा करता हूं कि अगले साल तक हम कश्मीर को अपने कब्जे में लेने की पूरी कोशिश करेंगे। हमारे मुजाहिद आने वाले वक्त में हमले तेज करेंगे।" इस सभा में सिर्फ लश्कर-ए-तैयबा ही नहीं, बल्कि कई और आतंकी संगठनों के लोग भी शामिल थे। खुफिया एजेंसियों के अनुसार, इस पूरी योजना में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और फौज के कुछ बड़े अधिकारी भी शामिल हैं।