साउदी से लौटते ही एयरपोर्ट पर NSA के साथ हुई पीएम मोदी की मीटिंग, पहलगाम हमले की दी पूरी जानकारी
प्रधानमंत्री मोदी सऊदी अरब दौरा बीच में छोड़ भारत लौटे, पहलगाम में आतंकी हमले में 30 लोगों की जान गई, पूरे देश में हड़कंप।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब की अपनी दो दिन की यात्रा को बीच में ही छोड़कर अचानक भारत लौट आए हैं। इसकी वजह जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुआ बड़ा आतंकी हमला है। दरअसल, पीएम मोदी को बुधवार रात तक दिल्ली लौटना था, लेकिन हमले के बाद उन्होंने अपना कार्यक्रम बदल दिया और जल्दी भारत लौटने का फैसला किया। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि पीएम मोदी ने अपनी सऊदी यात्रा खत्म कर दी है और अब भारत के लिए रवाना हो गए हैं। कश्मीर के पहलगाम में हुए इस हमले में 30 लोगों की मौत हुई है। इनमें से ज्यादातर लोग देश के अलग-अलग राज्यों से घूमने आए थे। ये हमला घाटी में 2019 के पुलवामा हमले के बाद अब तक का सबसे बड़ा और खतरनाक हमला माना जा रहा है। पीएम मोदी जैसे ही एयरपोर्ट पर उतरे, उन्होंने फौरन एनएसए अजीत डोभाल, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और विदेश सचिव के साथ एक अहम बैठक की। इसमें उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद वो जल्द ही कई मंत्रियों और अधिकारियों के साथ एक हाई लेवल मीटिंग करने वाले हैं।