पहलगाम आतंकी हमले के बाद खौफ में आई पाकिस्तानी सेना, POK के पास बढ़ी हलचल
पहलगाम हमले के बाद पाक सेना में हलचल मच गई है, फाइटर जेट ने उड़ान भरी और आतंकी ठिकानों की जगह बदली गई।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान में हलचल मच गई है। सेटेलाइट तस्वीरों से पता चला है कि इस हमले के तुरंत बाद पाकिस्तानी सेना ने अपने एयरबेस की सुरक्षा बढ़ा दी है। मंगलवार की रात कई बड़े सैन्य अधिकारी एयरबेस पर मौजूद थे और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे। फ्लाइट रडार 24 से मिले आंकड़ों के मुताबिक, पहलगाम में हमला होते ही पाकिस्तान के रावलपिंडी और लाहौर से दो फाइटर जेट उड़ान भरते नजर आए। इनमें से एक लड़ाकू विमान तो एलओसी के आसपास उड़ता देखा गया। वहीं, अहमदपुर ईस्ट के पास भी पाकिस्तानी फाइटर जेट की आखिरी गतिविधि दर्ज की गई है। सीमा पर पाकिस्तान के कुछ सैन्य विमान उड़ते हुए देखे गए हैं, जिनमें PAF198 और PAF101 शामिल हैं। ये वही विमान हैं जिनका इस्तेमाल पाकिस्तानी वायुसेना पहले भी खुफिया मिशनों के लिए करती रही है। इसके अलावा, खबरें आ रही हैं कि सीमा के पास जो आतंकी तंबू में डेरा डाले हुए थे, उन्हें अब पाकिस्तान की सेना ने किसी सुरक्षित जगह पर शिफ्ट कर दिया है। ऐसा माना जा रहा है कि ये कदम किसी संभावित सर्जिकल स्ट्राइक से पहले उठाया गया है।