Lok Sabha Election 2024: विश्व के सबसे बडे लोकतंत्र का महापर्व शुरु, 21 राज्यों की 102 सीटों पर 16.6 करोड़ मतदाता कर रहे फैसला

Update: 2024-04-19 03:26 GMT
Lok Sabha Election 2024 विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के महापर्व की शुरुआत हो गई है। कुल 21 राज्यों की 102 सीटों पर वोटिंग शुरू हो गई है। लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव के पहले चरण के मतदान में 21 राज्यों और संघ शासित प्रदेशों की 102 सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। यूपी की 8 उत्तराखंड की 5 औऱ तमिलनाडु की सभी सीटों पर वोटिंग शुरु हो गई है।
पहले फेज की वोटिंग शुरू, 102 सीटों का आज भविष्य होगा तय
लोकसभा चुनाव के पहले फेज की वोटिंग शुरू हो गई है। ताजा अपडेट के मुताबिक 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 102 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हो रहा है। बता दें कि 19 अप्रैल के बाद 26 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान होगा। कुल 7 चरणों में मतदान होंगे और नतीजे 4 जून को आएंगे।
लोकतंत्र में चुनावी महाकुंभ का शंखनाद
2024 लोकसभा चुनाव के पहले फेज में आज वोटिंग का दिन है। इसी के साथ दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में चुनावी महाकुंभ का शंखनाद हो रहा है। चुनाव आयोग के अनुसार वोटिंग सुबह सात बजे शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगा। पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 102 संसदीय सीटों पर मतदान होगा। आयोग ने 1.87 लाख मतदान केंद्रों पर 18 लाख से अधिक मतदान कर्मियों को तैनात किया है। इन वोटिंग सेंटर्स पर 16.63 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। मतदाताओं में 8.4 करोड़ पुरुष, 8.23 करोड़ महिलाएं और 11,371 थर्ड जेंडर शामिल हैं। 35.67 लाख लोग पहली बार मतदाता बने हैं। इसके साथ ही 20-29 वर्ष आयु वर्ग के 3.51 करोड़ युवा वोटर हैं।
केंद्र सरकार के 8 मंत्रियों की किस्मत दांव पर
केंद्र सरकार के 8 मंत्री ऐसे हैं जिसकी किस्मत का फैसला आज वोटर्स कर रहे हैं। इन 8 मंत्रियों में नितिन गडकरी, अर्जुन राम मेघवाल, भूपेंद्र यादव, संजीव बालियान, किरन रिजिजू, सर्बानंद सोनोवाल, जितेंद्र सिंह और केएल मुरगन हैं। नितिन गडकरी नागपुर, अर्जुन राम मेघवाल बीकानेर, भूपेंद्र यादव अलवर, संजीव बालियान मुजफ्फरनगर, किरेन रिजिजू अरुणाचल पश्चिम, सर्बानंद सोनोवाल डिब्रूगढ़, जितेंद्र सिंह उधमपुर और केएल मुरगन तमिलनाडु की नीलगिरी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
102 लोकसभा सीटों पर हो रही वोटिंग
80 सीटों वाले राज्य उत्तर प्रदेश की 8 सीटों पर आज वोटिंग होगी। इसमें सहारनपुर, कैराना,मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत हैं। पश्चिम बंगाल की तीन सीटें कूचबिहार,अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी पर वोटर्स मतदान करेंगे। बिहार की चार सीटे हैं- औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई। जम्मू कश्मीर की एक सीट- उधमपुर है जहां से केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह की किस्मत दांव पर होगी। महाराष्ट्र की पांच सीटें हैं- रामटेक, नागपुर, भंडारा-गोंडिया, गढ़चिरौली-चिमूर, चंद्रपुर। मध्य प्रदेश की छह सीटों पर आज वोटिंग होगी। ये हैं- सीधी, शहडोल, जबलपुर, मांडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा। असम की पांच सीटें- काजीरंगा, शोणितपुर, लखीमपुर, डिब्रूगढ़, जोरहाट पर आज वोटिंग होगी। छत्तीसगढ़ की एक सीट- बस्तर और राजस्थान की 12 सीटें- गंगानगर, बीकानेर, चुरू, झुंझणू, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली - धौलपुर, दौसा, नागौर दांव पर होंगी। त्रिपुरा की एक सीट - त्रिपुरा पश्चिम है। मणिपुर में दो सीटें हैं।
तमिलनाडु की सभी 39, उत्तराखंड की सभी 5 सीटों पर मतदान
दक्षिण के राज्य तमिलनाडु में 39 लोकसभा सीटें हैं जहां आज मतदान होना है। यहां एक ही चरण में सभी सीटों पर मतदान हो जाएगा। ये सीटें हैं- तिरुवल्लूर, चेन्नई उत्तर, चेन्नई दक्षिण, चेन्नई मध्य, श्रीपेरंबदूर, कांचीपुरम, अरक्कोणम, वेल्लूर, कृष्णगिरी, धरमापुरी, तिरुवन्नामलाई, अरणी, विलुपुरम, कालकुरुची, सालेम, नमक्कल, इरोड, तिरुपुर, नीलगिरी, कोयंबटूर, पोल्लाची, डिंडीगुल, करूर, तिरुचिरापल्ली, पेरंबलूर, कुड्डलोर, चिदंबरम, माइलादुतुरै, नागपट्टनम, तंजावुर, शिवगंगा, मदुरै, तेनी, विरुधुनगर, रामनाथपुरम, थुट्टकुड़ी, टेनकासी, तिरुनेलवेल्ली और कन्याकुमारी। साथ ही उत्तराखंड की सभी 5 सीटों पर भी आज ही मतदान हो रहा है। उत्तराखंड में जिन पांच सीटों पर मतदान आज हो रहा है, वे सीटें हैं- टिहरी गढ़वाल, गढ़वाल, अलमोड़ा, नैनीताल-उधमसिंहनगर और हरिद्वार। फिलहाल चुनावों की चल रही बयार में अपनी जीत के लिए सभी दल जुट गए हैं। अपनी सीट बचाने के लिए सभी दलों के सांसदों ने चुनावी रण में पूरी ताकत लगा दी है, तो वहीं नए समीकरण के साथ आए नए उम्मीदवार  बाजी को पलटकर ताज हासिल करने को बेताब हैं। देखना होगा कि जनता 4 जून को किसको अपना आशिर्वाद देगी।

Similar News