‘तालिबान भारत के लिए नहीं बनेगा खतरा’, पाकिस्तान से ख़राब हालात के बीच भारत को दिया भरोसा
बैठक में मुतक्की ने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार भारत की सुरक्षा चिंताओं को समझती है और उनका सम्मान करती है।
भारत ने अफगानिस्तान में विकास परियोजनाओं में फिर से मदद करने की संभावना जताई है। दो दिन पहले भारत ने अफगानिस्तान पर हुए पाकिस्तान के हमले की कड़ी निंदा की थी। अब विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने तालिबान सरकार के कार्यवाहक विदेश मंत्री आमीर खान मुतक्की से दुबई में मुलाकात की। यह मुलाकात खास इसलिए है क्योंकि अगस्त 2021 में तालिबान के सत्ता में आने के बाद यह पहली बार है जब भारतीय विदेश सचिव ने तालिबान के किसी मंत्री से बातचीत की है। अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मुतक्की ने भरोसा दिया है कि उनकी सरकार भारत की सुरक्षा चिंताओं को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। भारत और अफगानिस्तान के बीच हुई इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। संकेत मिल रहे हैं कि तालिबान के सत्ता में आने के बाद जिन भारतीय परियोजनाओं का काम रुक गया था, अब उन्हें फिर से शुरू किया जा सकता है। इसके साथ ही भारत अफगानी नागरिकों के लिए अनाज और दवाओं की नई खेप भेजने की तैयारी में है। भारत, पाकिस्तान से लौट रहे शरणार्थियों को अफगानिस्तान में बसाने में भी मदद करेगा। यह बैठक ऐसे समय पर हुई है जब अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच रिश्ते काफी तनावपूर्ण हो चुके हैं।
भारत-अफगान रिश्तों की नई शुरुआत
Foreign Secy @VikramMisri met Acting Foreign Minister of Afghanistan Mawlawi Amir Khan Muttaqi in Dubai today. Both sides discussed 🇮🇳's ongoing humanitarian assistance to Afghanistan, bilateral issues and security situation in the region. India reiterated its commitment to… pic.twitter.com/a3UyuIqkAG
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) January 8, 2025
पाक-अफ़ग़ान की अनबन
- पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कुछ इलाकों पर हमला करते हुए दावा किया है कि वहां आतंकियों के ठिकाने हैं। इस हमले में कई महिलाएं और बच्चे मारे गए हैं। जवाब में अफगान सरकार ने भी पाकिस्तान के सीमावर्ती इलाकों पर हमला किया है।
- इस बीच, बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से हटाए जाने के बाद, पाकिस्तान वहां अपनी गतिविधियां बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। वहीं, भारत और अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के बीच बढ़ती नजदीकियां आने वाले समय में बड़े असर डाल सकती हैं।