हानिया आमिर ने पाकिस्तानी सेना को दोषी ठहराने वाले फेक बयान पर दी प्रतिक्रिया, बोलीं- 'मैं किसी के खिलाफ...'
हाल ही में, हानिया आमिर ने पहलगाम हमले के लिए पाकिस्तानी सेना को दोषी ठहराने वाली वायरल पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी है।
हानिया आमिर पाकिस्तान की मशहूर एक्ट्रेस हैं, जिनकी इंडिया में भी काफी तगड़ी फैन फॉलोइंग है। भारतीय गानों और सेलेब्स के प्रति उनके प्यार की वजह से भी उन्हें इंडिया में काफी पसंद किया जाता है। खैर, पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानी स्टार्स को इंडिया में बैन कर दिया गया है। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। इस बीच हानिया की एक फेक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें पहलगाम अटैक के लिए पाकिस्तानी आर्मी को जिम्मेदार ठहराया गया। अब, हानिया ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की है। हानिया आमिर ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद यह एक संवेदनशील और भावनात्मक समय है, जहां निर्दोष लोगों की जान चली गई और परिवार तबाह हो गए। उन्होंने कहा कि लोगों को इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने के बजाय इस पर सहानुभूति दिखाने की ज़रूरत है। उन्होंने कहा, "यह एक बेहद संवेदनशील और भावनात्मक समय है। हाल ही में हुई त्रासदी में मारे गए निर्दोष लोगों और प्रभावित परिवारों के लिए मेरी संवेदनाएं हैं। इस तरह का दर्द वास्तविक है और इस समय सहानुभूति दिखानी चाहिए न कि राजनीतिकरण करना चाहिए। चरमपंथियों की हरकतें पूरे देश या उसके लोगों का प्रतिनिधित्व नहीं करती हैं। बिना सबूत के दोष देना केवल दरार को गहरी करता है और करुणा, न्याय व उपचार की वास्तविक ज़रूरत से ध्यान भटकाता है। मैं जो कुछ भी करती हूं, उसमें सकारात्मकता और सम्मान फैलाने के लिए प्रतिबद्ध हूं।"