कौन है गैंगस्टर भीमा दुला ओडेदरा? जिसे पुलिस ने लॉरेंस के ठिकाने से 400 किलोमीटर दूर पर किया गिरफ्तार
गुजरात के पोरबंदर पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर भीमा दुला ओडेदरा को उसके तीन साथियों के साथ गिरफ्तार किया है। भीमा पर हत्या, मारपीट, खनिज चोरी और जमीन कब्जा जैसे 48 मामले दर्ज हैं।
भीमा दुला ओडेदरा गैंगस्टर को हाल ही में गिरफ्तार किया गया है, जहां से ये गैंगेस्टर पकड़ा गया है वहां से करीब 400 किलोमीटर दूर लॉरेंस साबरमती जेल में बंद है। भीमा की गैंगस्टर बनने की कहानी पूरी फिल्मी है। भीमा दुला ओडेदरा ,जैसा इसका नाम है , वैसा ही कद। गुजरात के पोरबंदर में पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए इस कुख्यात गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी शुक्रवार सुबह एक गुप्त ऑपरेशन के तहत की गई, जिसमें भीमा के तीन साथियों को भी पकड़ा गया। पुलिस ने बोरिचा गांव में भीमा के फार्म हाउस पर छापा मारा, जहां से भारी मात्रा में हथियार, विदेशी शराब और नकदी बरामद की गई है। इस छापे में पुलिस ने लगभग 91 लाख 68 हजार रुपये की नकदी जब्त की। पोरबंदर पुलिस के अनुसार, भीमा दुला ओडेदरा के खिलाफ अब तक कुल 48 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसमें हत्या, मारपीट, खनिज चोरी और जमीन पर कब्जा करने के मामले शामिल हैं। कुछ समय पहले पोरबंदर में एक विवाद के बाद भीमा का नाम सामने आया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ने की योजना बनाई। पहले भी हत्या के मामले में उसे जमानत मिल चुकी थी, लेकिन वह फिर से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था।