गौरी खान के सपोर्ट में आए 'फ्लाइंग बीस्ट' गौरव तनेजा, बोले- '99% नकली पनीर आयोडीन टेस्ट पास कर सकता है'
हाल ही में, इन्फ्लुएंसर गौरव तनेजा ने गौरी खान के रेस्टोरेंट में नकली पनीर मिलने के दावे पर प्रतिक्रिया दी है। आइए आपको बताते हैं।
पिछले कुछ दिनों से एक्टर शाहरुख खान की पत्नी गौरी खान के रेस्टोरेंट में नकली पनीर मिलने वाली खबरें छाई हुई हैं। दरअसल, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सार्थक सचदेवा ने एक सिंपल टेस्ट के जरिए बताया था कि गौरी खान के रेस्टोरेंट 'टोरी' में नकली पनीर मिल रहा है। अब, इस पर फ्लाइंग बीस्ट के नाम से मशहूर गौरव तनेजा ने अपना नजरिया शेयर किया है। अब, सार्थक के इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए गौरव तनेजा ने कहा कि ज्यादातर बार नकली पनीर भी आयोडीन टेस्ट पास कर जाते हैं। उन्होंने कहा, ''99 प्रतिशत नकली पनीर भी आयोडीन टेस्ट को पास कर सकता है। एक हालिया रिपोर्ट में सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि बाजार में सबसे ज्यादा मिलावटी प्रोडक्ट पनीर है। आपने देखा होगा कि आजकल हर शख्स जहां भी जाता है, अपने साथ आयोडीन ले जाता है लेकिन सच्चाई यह है कि आप आयोडीन से पनीर के असली या नकली होने की जांच नहीं कर सकते। मैंने डेयरी बिजनेस में काम किया है।’