आंध्र प्रदेश में बड़ा दर्दनाक हादसा, पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 18 की मौत
Andhra Pradesh news: आंध्र प्रदेश में एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। आंध्र प्रदेश में काकिनाडा के वेतलापलेम में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका हो गया।
मौके पर चीख-पुकार मच गई
बता दें यह धमाका दोपहर करीब 2:00 बजे हुआ। धमाका इतना भयंकर था कि इसकी आवाज़ घटनास्थल से 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त यूनिट के अंदर 20 से अधिक कर्मचारी काम कर रहे थे। धमाके के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण बचाव कार्य के लिए दौड़े।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर जताया दुख
आंध्र प्रदेश में हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने दुख जताया है। उन्होंने अपने मंत्रियों और सीनियर अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर जाने का निर्देश दिया है। सीएम नायडू ने दुर्घटना के कारणों और राहत और बचाव के काम का जायजा भी लिया। अधिकारियों ने बताया कि धमाके के वक्त 20 मजदूर काम कर रहे थे। पटाखा बनाते वक्त ही धमाका हुआ।
अलवर में भी फैक्ट्री में हुआ था ब्लास्ट
आंध्र प्रदेश में हुए इस हादसे से कुछ दिन पहले राजस्थान के अलवर में भी एक कैमिकल फैक्ट्री में बड़ा ब्लास्ट हुआ था। अलवर के भिवाड़ी में स्थित एक कैमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने के बाद धमाका हो गया था। कैमिकल फैक्ट्री में हुए इस जोरदार धमाके में 7 मजदूर जिंदा जल गए। घटना के वक्त 20-25 मजदूर फैक्ट्री में मौजूद थे।