मैं गोरखपुर जाने के लिए ज्यादा उत्सुक हूं… BJP में अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर सीएम योगी ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर कहा कि वह खुद को सिर्फ एक योगी मानते हैं और इसी रूप में काम करना चाहते हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर खुलकर बात की। इंडिया टुडे के एक कार्यक्रम में जब उनसे पूछा गया कि क्या वह बीजेपी के भविष्य के नेता के रूप में खुद को देखते हैं, तो उन्होंने साफ कहा, "मैं कोई वारिस नहीं हूं, मैं सिर्फ एक योगी हूं और इसी रूप में काम करना चाहता हूं।" योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वह भारत माता के सेवक हैं और जनता की सेवा करना ही उनका कर्तव्य है। उन्होंने अपनी इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि अगर उन्हें काम करते-करते गोरखपुर जाने का मौका मिले, तो वह खुशी-खुशी वहां जाएंगे, क्योंकि इससे उन्हें अपने "योगी धर्म" को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह गोरखपुर जाना पसंद करेंगे या दिल्ली आना चाहेंगे, तो उन्होंने साफ कहा, "मैं गोरखपुर जाने के लिए ज्यादा उत्सुक हूं।" धर्म पर अपनी सोच साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग अक्सर संन्यास को दुनिया छोड़ने और आत्मिक शांति पाने का रास्ता मानते हैं, लेकिन असली धर्म सिर्फ यही नहीं है। उनके अनुसार, सच्चा धर्म दो चीजों पर टिका होता है—पहला, समाज की भौतिक उन्नति और जनता का कल्याण, और दूसरा, आध्यात्मिक विकास और मोक्ष की प्राप्ति।