विशाल ददलानी ने 6 साल बाद 'इंडियन आइडल' को कहा अलविदा, लिखा- 'मुझे उम्मीद है कि शो...'
मशहूर सिंगर व म्यूजिक कंपोजर विशाल ददलानी ने एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि उन्होंने 6 साल बाद इंडियन आइडल छोड़ दिया है।
विशाल ददलानी बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर संगीतकार हैं, जो पिछले 6 सालों से सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' से जुड़े हुए थे। हालांकि, फैंस को चौंकाते हुए विशाल ने एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि वह अब शो को छोड़ रहे हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम हैंडल पर को-जजेस श्रेया घोषाल और बादशाह की एक रील शेयर की। रील के साथ उन्होंने लिखा, "मेरे पास बस इतना ही है दोस्तों! लगातार छह सीजन के बाद44333333, आज रात इंडियन आइडल में जज के तौर पर मेरा आखिरी एपिसोड है। मुझे उम्मीद है कि शो को मेरी उतनी ही याद आएगी, जितनी मुझे इसकी याद आएगी। श्रेया, बादशाह, आदि (आदित्य नारायण), आराधना, चित्रा, आनंद जी, सोनल, प्रतिभा, साहिल, सलोनी, मुस्कान, अभिशा, पूरी प्रोडक्शन टीम, विलास, पाक्या, कौशिक (पिंकी), और सभी सह-जज, गायक और संगीतकार इतने सालों से शुक्रिया! यह वाकई घर जैसा है!! वह मंच सच्चा प्यार है! संगीत बनाने, कॉन्सर्ट करने और लगभग कभी मेकअप न करने का समय आ गया है! जय हो!”