मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने SLBC सुरंग पहुंच स्तिथि का लिया जायजा, बचाव में अभी भी लग सकते है 2-3 दिन
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने रविवार को SLBC टनल साइट का दौरा किया। इस सुरंग में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए पिछले एक हफ्ते से लगातार कोशिशें जारी हैं।
तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले में श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल (एसएलबीसी) सुरंग में फंसे मजदूरों को बचाने की कोशिशें लगातार जारी हैं, लेकिन अब तक उनकी सही लोकेशन का पता नहीं चल सका है। ये मजदूर 22 फरवरी की सुबह करीब 8:30 बजे से सुरंग में फंसे हुए हैं। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने रविवार को इस टनल साइट का दौरा किया और बचाव अभियान की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सुरंग के अंदर फंसे आठ मजदूरों का सटीक पता अब तक नहीं चल पाया है, लेकिन सरकार बचाव अभियान को और तेज करने की कोशिश कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि रेस्क्यू टीम के पास अब तक सिर्फ शुरुआती अनुमान हैं, लेकिन वे अभी तक यह ठीक से नहीं समझ पाए हैं कि मजदूर और मशीनें सुरंग के अंदर कहां फंसे हुए हैं। फिलहाल, सभी को सुरक्षित निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार बचाव अभियान में जुटे अधिकारियों को यह सलाह दे रही है कि अगर जरूरत पड़े तो सुरंग के अंदर रोबोट का इस्तेमाल किया जाए, ताकि बचाव दल किसी भी खतरे से सुरक्षित रहे। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार पूरी कोशिश कर रही है कि फंसे हुए लोगों को जल्द से जल्द निकाला जाए और दुर्घटना से प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद की जाए।