कई जगहों पर 'सिकंदर' का बुरा हाल, रिलीज होने के महज 3 दिन के अंदर थिएटर्स से उतरी सलमान की फिल्म
रिपोर्ट्स की मानें, तो कई जगहों पर सलमान खान की फिल्म 'सिकंदर' का बुरा हाल है, जो रिलीज होने के महज तीन दिन के अंदर ही उतर गई है।
Sikandar Show Cancelled: बॉलीवुड एक्टर सलमान खान की फिल्म 'सिकंदर' 30 मार्च को ईद के मौके पर रिलीज की गई थी। हालांकि, पहले दिन फिल्म ने उम्मीद से काफी कम कमाई की थी। पहले दिन फिल्म ने सिर्फ 26 करोड़ का बिजनेस किया था, जबकि उम्मीद 30 पार जाने की थी। हालांकि, ईद के दिन फिल्म ने अच्छा कलेक्शन किया और दो दिन में फिल्म ने 55 करोड़ से जुटा लिए हैं। सलमान खान की फिल्म को जहां कुछ जगहों पर पसंद किया जा रहा है, वहीं कुछ जगहों पर इसका बुरा हाल है। इतना ही नहीं, कुछ थिएटर्स में से तो 'सिकंदर' 3 दिन के अंदर ही उतर गई है। एक ट्रेड एनालिस्ट ने 'बॉलीवुड हंगामा' से बात करते हुए कहा कि उन्हें 'सिकंदर' के शोज के कैंसिल होने को लेकर कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, ''हमे मुंबई में शो कैंसिल होने को लेकर कोई जानकारी नहीं है। कुछ शोज ऐसे थे जिन्हें कम ऑडियंस मिली, लेकिन ऑडियन्स न होने की वजह से कोई शो कैंसिल नहीं हुआ है। हालांकि सूरत, अहमदाबाद, भोपाल और इंदौर जैसे शहरों में कैंसिल हुए हैं।'' रिपोर्ट्स की मानें, तो सूरत में भी 'सिकंदर' को दो गुजराती फिल्मों से रिप्लेस कर दिया गया है, क्योंकि लोग 'सिकंदर' के मुकाबले रीजनल फिल्म ज्यादा पसंद कर रहे हैं।