डबल साइड जैकेट को लेकर क्यों ख़ुफ़िया एजेंसी हुई हाई अलर्ट पर, जानें वजह
गणतंत्र दिवस परेड के मौके पर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट हैं। खबरों के मुताबिक, इस दौरान परेड में सरकार के खिलाफ नारेबाजी हो सकती है।
गणतंत्र दिवस के मौके पर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से अलर्ट हैं, खासकर दिल्ली में जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि कुछ देशविरोधी तत्व डबल साइड जैकेट पहनकर कार्यक्रम में घुस सकते हैं। साथ ही, यह भी जानकारी मिली है कि ये लोग सरकार के खिलाफ प्रदर्शन भी कर सकते हैं। सुरक्षा एजेंसियां अब से ही डबल साइडेड जैकेट को लेकर सतर्क हो गई हैं। खासकर गणतंत्र दिवस के मौके पर परेड देखने आने वाले लोगों में से उन पर खास ध्यान दिया जाएगा, जो डबल साइडेड जैकेट पहनकर आएंगे। यह जानकारी मिली है कि ऐसे लोग दर्शकदीर्घा में बैठकर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं, इसलिए इन जैकेट्स की विशेष जांच करने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं। डबल साइडेड जैकेट वह जैकेट होती है, जो दोनों तरफ से पहनी जा सकती है और दिखने में काफी वजनी होती है। इस प्रकार की जैकेट्स पर कड़ी निगरानी रखने की सख्त हिदायत दी गई है। इसके साथ ही, दिल्ली पुलिस को यह भी आदेश दिया गया है कि वे उन लोगों पर भी नजर रखें, जो एक्स्ट्रा गर्म कपड़े पहनकर आने वाले हैं।