Rajasthan Lok Sabha Election 2024 Date: राजस्थान की 25 सीटों पर दो चरणों में होगा मतदान, 19 और 26 अप्रैल को डाले जाएंगे वोट
Rajasthan Lok Sabha Election 2024 Date: भारत निर्वाचन आयोग ने आज,शनिवार को लोकसभा चुनाव 2024 (Rajasthan Lok Sabha Election 2024 Date) की तारीखों का एलान कर दिया है। इस बार लोकसभा चुनाव 7 चरणों में पूरे किए जाएंगे। चुनाव आयोग ने आज हुए प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि देश में आम चुनाव 19 अप्रैल 2024 से लेकर 1 जून 2024 के बीच सात चरणों में पूरे किए जाएंगे। वहीं वोटों की गिनती 4 जून को होगी। बता दें कि 18वीं लोकसभा के गठन के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही देश में तत्काल प्रभाव से आचार संहिता लागू हो गई है। इस बार लोकसभा चुनाव में राजस्थान के पहले चरण में उत्तरी और पूर्वी राजस्थान में, जबकि दूसरे चरण में पश्चिमी और दक्षिणी राजस्थान में चुनाव होंगे। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में मिले वोटों के आधार पर पहले चरण में कांग्रेस और दूसरे चरण में भाजपा मजबूत स्थिति में नजर आती है। पहले चरण में जिन 12 सीटों पर मतदान होना है उनमें 7 सीटों पर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को ज्यादा वोट मिले थे, जबकि दूसरे चरण की 13 में से 9 सीटों पर भाजपा मजबूत रही। आइए जानते है विस्तार से :— राजस्थान में 25 सीटों के लिए पहले चरण में 19 अप्रैल को और दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा। पहले चरण में उत्तरी और पूर्वी राजस्थान की 12 सीटों के लिए, जबकि दूसरे चरण में पश्चिमी और दक्षिणी राजस्थान की 13 सीटों के लिए मतदान होगा। 1. पहले चरण में मतदान बीकानेर, चुरू,जयपुर ग्रामीण,जयपुर सिटी,करौली-धौलपुर, नागौर, दौसा, भरतपुर,अलवर,गंगानगर, झुंझुनू और सीकर में होगा। अधिसूचना- 20 मार्च नामांकन की अंतिम तारीख- 27 मार्च नामांकन की जांच- 28 मार्च नामवापसी- 30 मार्च तक मतदान- 19 अप्रैल मतगणना- 4 जून 2. वहीं दूसरे चरण में मतदान टोंक-सवाईमाधोपुर, पाली, अजमेर, जोधपुर, जालोर, बाड़मेर, उदयपुर, झालावाड़-बारां, कोटा, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा और राजसमंद में होगा । अधिसूचना- 28 मार्च नामांकन की अंतिम तारीख- 4 अप्रैल नामांकन की जांच- 5 अप्रैल नामवापसी- 8 अप्रैल तक मतदान- 26 अप्रैल मतगणना- 4 जून निर्वाचन आयोग के अधिकारी ने बताया कि आने वाले लोकसभा चुनावों के लिए सिर्फ राजस्थान में 5.32 करोड़ से अधिक लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इसमें से 15 लाख पहली बार मतदान करने जा रहे है। वहीं मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने यह भी बताया कि इस बार महिला मतदाताओं के रजिस्ट्रेशन का प्रतिशत पुरूषों के तुलना में ज्यादा रहा है। उन्होंने बताया कि 2019 से अभी तक 22.54 लाख से अधिक महिला मतदाताओं को सूची में शामिल किया गया है। लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और भाजपा ने अब तक एक-एक लिस्ट जारी की है। भाजपा ने 15 सीटों पर, जबकि कांग्रेस ने 10 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। इनमें 8 सीटें ऐसी हैं जहां दोनों दलों ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने तीनों केंद्रीय मंत्रियों जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को जोधपुर, कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को बीकानेर और केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी को बाड़मेर से फिर मैदान में उतारा है। इनके अलावा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को कोटा-बूंदी और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को अलवर से टिकट दिया है। इसी तरह कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को जालोर-सिरोही लोकसभा सीट से जबकि पूर्व डीजीपी और मौजूदा विधायक हरीश मीना को टोंक-सवाईमाधोपुर सीट से चुनाव में उतारा है।