नई दिल्ली स्टेशन पर क्यों मची भगदड़? सामने आई ये वजह!
डीसीपी ने बताया कि सीएमआई के मुताबिक, रेलवे ने हर घंटे करीब 1,500 सामान्य टिकट बेचे। इसकी वजह से स्टेशन पर भारी भीड़ जमा हो गई और स्थिति बेकाबू हो गई।
New Delhi railway station stampede: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात भारी भीड़ की वजह से भगदड़ मच गई, जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। यह हादसा रात 9:55 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 पर हुआ। दरअसल, प्रयागराज कुंभ मेले में जाने के लिए हजारों यात्री स्टेशन पर पहुंचे थे। प्लेटफॉर्म पहले से ही लोगों से भरा हुआ था, और जब भीड़ और बढ़ने लगी, तब भगदड़ मच गई। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस घटना की जांच के लिए एक दो सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति बनाई गई है। रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार निदेशक दिलीप कुमार ने कहा कि जांच से हादसे के असली कारणों का पता लगाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ पर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि यह घटना बेहद दुखद है और मैं इससे बहुत व्यथित हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके लिए मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि जो घायल हुए हैं, वे जल्द स्वस्थ हों। सरकार और अधिकारी प्रभावित लोगों की हर संभव मदद कर रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर पोस्ट करते हुए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई घटना पर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि प्लेटफॉर्म पर मची भगदड़ में लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे पर जताया दुख
Distressed by the stampede at New Delhi Railway Station. My thoughts are with all those who have lost their loved ones. I pray that the injured have a speedy recovery. The authorities are assisting all those who have been affected by this stampede.
— Narendra Modi (@narendramodi) February 15, 2025
लोगों की मौत से बेहद दुखी हूं: राजनाथ
Devastating news from New Delhi Railway Station. I am extremely pained by the loss of lives due to stampede on Railway platform. In this hour of grief, my thoughts are with the bereaved families. Praying for the speedy of the injured.
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) February 15, 2025