भारत में भी बना वर्ल्ड ट्रेड सेंटर, आज पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के नौरोजी नगर में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही, वह कई नई परियोजनाओं की नींव भी रखेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली के नौरोजी नगर में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर का उद्घाटन करेंगे। यह सेंटर 600 पुराने सरकारी क्वार्टरों की जगह पर बनाया गया है। इस वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आधुनिक सुविधाएँ दी गई हैं। यहाँ करीब 34 लाख वर्ग फीट का प्रीमियम वाणिज्यिक स्थान उपलब्ध होगा। इस इमारत में सौर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन और जीरो डिस्चार्ज सिस्टम जैसी पर्यावरण-अनुकूल सुविधाएँ भी शामिल की गई हैं, जिससे इसे एक ग्रीन बिल्डिंग का दर्जा मिलता है।
जानें वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की खासियत
- यह प्रोजेक्ट भारत सरकार का है और इसे एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने बनाया है, जो भारत सरकार के आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय (एमओएचयूए) के अंतर्गत आता है।
- नौरोजी नगर में बनने वाला वर्ल्ड ट्रेड सेंटर जल्द ही देश का सबसे पसंदीदा व्यापारिक जिला बनने जा रहा है। इसे 25 एकड़ की जमीन पर शानदार तरीके से तैयार किया गया है।
- इस वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में 12 टावर हैं, और हर टावर 10 मंजिला है। इसके डिज़ाइन में आधुनिकता और कार्यक्षमता का खास ख्याल रखा गया है।
- यहां एक ही जगह पर सभी व्यापारिक जरूरतों को पूरा करने वाली सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जैसे कन्वेंशन सेंटर, कॉन्फ्रेंस रूम, बोर्ड रूम, एग्जीबिशन सेंटर और ऑडिटोरियम।
- यह वर्ल्ड ट्रेड सेंटर नेशनल और इंटरनेशनल कॉर्पोरेट हाउस, सरकारी उपक्रम (पीएसयू), और वित्तीय संस्थानों के लिए उचित कीमतों पर उपलब्ध होगा।