66 करोड़ श्रद्धालु, 45 दिन और शून्य अपराध! योगी बोले- महाकुंभ बना भारत की विरासत की मिसाल
सीएम योगी ने कहा कि महाकुंभ में 33 करोड़ महिलाएं आईं, लेकिन पूरे आयोजन के दौरान कोई भी अपराध नहीं हुआ। न कोई उत्पीड़न, न लूट, न अपहरण और न ही हत्या।
उत्तर प्रदेश विधानसभा में सीएम योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था इतनी मजबूत है कि 33 करोड़ महिलाएं महाकुंभ में शामिल हुईं, लेकिन किसी तरह की उत्पीड़न या अपराध की घटना नहीं हुई। कुल मिलाकर 67 करोड़ श्रद्धालु कुंभ में पहुंचे, लेकिन एक भी अपराध की खबर नहीं आई। प्रयागराज में हुए महाकुंभ पर यूपी विधानसभा में बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 45 दिनों में 66 करोड़ से ज्यादा लोग देश और दुनिया से इस मेले में आए। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, लेकिन पूरे आयोजन के दौरान किसी भी तरह की छेड़खानी, लूट, अपहरण या हत्या जैसी कोई घटना नहीं हुई। उन्होंने बताया कि उम्मीद से ज्यादा लोग महाकुंभ में पहुंचे और सभी ने आस्था के साथ पवित्र स्नान किया। वहां का माहौल देखकर लोग भावुक हो गए और अच्छी यादें लेकर लौटे। यहां तक कि अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने भी प्रयागराज महाकुंभ की जमकर तारीफ की। महाकुंभ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस आयोजन में भारत की सांस्कृतिक विरासत और विकास की झलक देखने को मिली। उन्होंने जोर देकर कहा कि महाकुंभ में जाति, धर्म या क्षेत्र के आधार पर कोई भेदभाव नहीं हुआ, बल्कि सभी लोगों ने एक साथ इसमें हिस्सा लिया। सीएम योगी के मुताबिक, इस बार के महाकुंभ में 66 करोड़ 30 लाख लोगों ने स्नान किया। यह दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक आयोजन था, जिसकी वैश्विक स्तर पर सराहना हो रही है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने भी इसे एक अद्भुत उपलब्धि बताया और कहा कि इतना बड़ा आयोजन किसी चमत्कार से कम नहीं। लेकिन कुछ लोग ऐसे भी थे, जिन्हें इसमें सिर्फ कमियां ही दिखीं।