अब घर बैठे करें संगम के जल से स्नान, योगी सरकार ने शुरू की होम डिलीवरी
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक खास पहल शुरू की है। अब राज्य के सभी 75 जिलों में त्रिवेणी संगम का पवित्र जल घर तक पहुँचाने की सुविधा मिलेगी।
प्रयागराज महाकुंभ में इस बार आस्था का नया इतिहास बना, जहां 66 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई। लेकिन कई लोग किसी कारणवश महाकुंभ में नहीं पहुंच पाए। ऐसे में उत्तर प्रदेश सरकार ने एक खास पहल की है, जिससे कोई भी इस पुण्य अवसर से वंचित न रहे। योगी सरकार राज्य के हर जिले में संगम का पवित्र जल पहुंचा रही है, ताकि जो लोग महाकुंभ नहीं आ सके, वे भी इस जल से आस्था की डुबकी लगा सकें। इसके लिए अग्निशमन विभाग की 300 से ज्यादा गाड़ियों के जरिए संगम का जल भेजा जा रहा है, ताकि हर श्रद्धालु इस पवित्रता का अनुभव कर सके। योगी सरकार के आदेश पर अग्निशमन एवं आपात सेवा की अपर पुलिस महानिदेशक पद्मजा चौहान ने कमान संभाल ली है। उन्होंने प्रदेश के सभी 75 जिलों से महाकुंभ में आई दमकल गाड़ियों का पानी खाली कराकर उनमें संगम का पवित्र जल भरवाया है। अब ये गाड़ियां इस जल को सभी जिलों में लेकर जाएंगी, ताकि जो लोग महाकुंभ में नहीं आ सके, वे इस पवित्र जल से स्नान कर सकें। इससे पहले, प्रदेश की जेलों में बंद 90 हजार से ज्यादा कैदियों को भी संगम के जल से स्नान करने का अवसर मिला था।