नेवी को जल्द मिलेगा फाइटर ड्रोन ‘अभिमन्युं’, मिग-29K और राफेल-एम के साथ मचाएगा तबाही
नौसेना के साथ अनुबंध साइन होने के 12 महीने बाद पहला प्रोटोटाइप तैयार हो जाएगा। 30 महीने में इसका अंतिम प्रोटोटाइप बनकर तैयार होगा।
भारतीय नौसेना और न्यूस्पेस रिसर्च एंड टेक्नोलॉजीज (NRT) मिलकर एक खास लड़ाकू ड्रोन बना रहे हैं, जिसका नाम ‘अभिमन्यु’ रखा गया है। यह एन-सीसीएवी (नेवल कोलैबोरेटिव कॉम्बैट एयर व्हीकल) ड्रोन नौसेना के लड़ाकू विमानों के साथ मिलकर काम करेगा और मिग-29K और भविष्य के राफेल-एम जैसे जेट्स के साथ टीम बनाकर उड़ान भरेगा। ‘अभिमन्यु’ को एक वफादार विंगमैन की तरह डिजाइन किया गया है, जो फाइटर पायलटों का सहयोगी बनेगा। यह दुश्मन की हरकतों पर नजर रखेगा, खतरों की पहचान करेगा, हमला करेगा और इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर जैसे मिशन को अंजाम देने में मदद करेगा। यह ड्रोन भारतीय नौसेना की ताकत को और बढ़ाने के लिए तैयार किया जा रहा है, जिससे भविष्य के युद्ध अभियानों में मानव और ड्रोन की संयुक्त टीमिंग (MUMT) को मजबूती मिलेगी। भारतीय नौसेना के साथ अनुबंध साइन होने के 12 महीने बाद पहला प्रोटोटाइप तैयार होगा। इसके बाद 30 महीने में अंतिम प्रोटोटाइप बनेगा और 36 महीने में फाइनल ड्रोन नौसेना को सौंप दिया जाएगा। यह ड्रोन कैटापुल्ट लॉन्च सिस्टम से उड़ान भरेगा, जिसे आगे और उन्नत बनाया जा सकता है। भारतीय नौसेना आने वाले वर्षों में एन-सीसीएवी ड्रोन को अपने बेड़े में शामिल करेगी, जिससे उसकी युद्ध क्षमता और मजबूत होगी। हालांकि, स्वदेशी नौसेना लड़ाकू विमान के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा।