World TB Day 2025: TB संक्रमण में 17.7% की बड़ी गिरावट, कैसे संभव हुआ भारत का यह सफर?
भारत में TB संक्रमण में 17.7% की गिरावट दर्ज की गई है, जो वैश्विक औसत से लगभग दोगुनी है। जानिए कि सरकार के कौन-से कदम इस बदलाव के पीछे हैं।
TB(ट्यूबरक्लोसिस) दुनिया भर में फैली एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या मानी जाती है, जो हर साल लाखों लोगों की जान ले लेती है। भारत में भी TB एक बड़ी चुनौती रही है, लेकिन हाल के वर्षों में इसके मामलों में उल्लेखनीय गिरावट देखी गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आंकड़ों के अनुसार, भारत में TB संक्रमण के मामलों में 17.7% की गिरावट दर्ज की गई है। यह गिरावट वैश्विक औसत से लगभग दोगुनी है। आइए जानते हैं कि यह सफलता कैसे हासिल हुई और इसके पीछे कौन से प्रयास काम आए।
'TB मुक्त भारत अभियान': एक बड़ा कदम
भारत सरकार ने TB उन्मूलन के लिए 'टीबी मुक्त भारत अभियान' शुरू किया है। इस अभियान के तहत 7 दिसंबर 2024 को 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 347 जिलों में 100 दिवसीय 'गहन टीबी मुक्त भारत अभियान' की शुरुआत की गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य टीबी के मामलों की पहचान करना, समय पर जांच करना और मरीजों का इलाज शुरू करना था। इस दौरान करीब 9.02 करोड़ लोगों की टीबी जांच की गई, जिनमें 3,01,803 नए मामले सामने आए। इन मरीजों का इलाज शुरू कर दिया गया है, जिससे संक्रमण के प्रसार को रोकने में मदद मिली है। टीबी से सबसे ज्यादा प्रभावित देश:| देश | कितने प्रतिशत मामले? |
|---|---|
| भारत | 27% |
| इंडोनेशिया | 10% |
| चीन | 7.1% |
| फिलीपींस | 7.0% |
| पाकिस्तान | 5.7% |
| नाइजीरिया | 4.5% |
| बांग्लादेश | 3.6% |
| कांगो | 3% |
सोर्स: WHO 2022 रिपोर्ट