'सेलिब्रिटी मास्टरशेफ': गौरव खन्ना की डिश को नेटिजंस ने बताया कॉपी, तो शेफ विकास ने ट्रोल्स को दिया जवाब
'सेलिब्रिटी मास्टरशेफ' मेें गौरव खन्ना द्वारा बनाई गई डिश को कॉपी बताकर उन्हें ट्रोल किया गया। अब शेफ विकास खन्ना ने उन्हें सपोर्ट किया है।
कुकिंग रियलिटी शो 'सेलिब्रिटी मास्टरशेफ' अब अपने अंतिम पड़ाव पर है, जो हर गुजरते टास्क के साथ मुश्किल होता जा रहा है। शो को 5 फाइनलिस्ट मिल चुके हैं, जिनमें तेजस्वी प्रकाश, गौरव खन्ना, फैजल शेख, राजीव अदातिया और निक्की तंबोली शामिल हैं। हालांकि, फिनाले से पहले शो विवादों में फंस गया है, क्योंकि हाल ही में गौरव खन्ना ने जो डिशन बनाई थी, उसे स्विस शेफ डाइव्स जोश की कॉपी बताया जा रहा है। इस वजह से गौरव काफी ट्रोल भी हो रहे हैं। अब, शेफ विकास खन्ना गौरव के सपोर्ट में आए हैं। शेफ विकास खन्ना ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर भी वीडियो शेयर किया और गौरव खन्ना को निशाना बनाने के लिए ट्रोल्स से सवाल किया। उन्होंने कहा कि जो लोग गौरव की डिश पर कमेंट कर रहे हैं, उन्हें बताना चाहिए कि यह डिश सबसे पहले कहां बनाई गई थी। उन्होंने स्वीकार किया कि अभिनेता ने डिश का आविष्कार नहीं किया, लेकिन यह उनकी प्रेजेंटेशन और टेस्ट के बारे में था, जिसने उन्हें चौंका दिया। उन्होंने लिखा, "उन सभी के लिए जो गौरव खन्ना द्वारा बनाई गई शानदार डिश पर कमेंट कर रहे हैं, वे प्लीज मुझे बताएं कि दुनिया में सबसे पहले किस शेफ ने इसे बनाया था। मेरिंग्यू-ड्रिपिंग कोन दशकों से बनाए जा रहे हैं। इसलिए यह सिर्फ टेस्ट और प्रेजेंटेशन के बारे में था, जिसने हमें सरप्राइज कर दिया।" उन्होंने एक यूजर को भी जवाब दिया और लिखा, "मैंने पिछले दो दशकों में इस डिश के कई वर्जन देखे हैं, जिसमें दिग्गज शेफ आरोन क्लूज़ भी शामिल हैं। 2009 में मैंने @asiasociety द्वारा आयोजित लीडर्स समिट के लिए टोक्यो में इसी तरह की डिश खाई थी। कोई भी व्यक्ति ड्रिपिंग मेरिंग्यू कोन के इस सरल विचार का दावा नहीं कर सकता, लेकिन गौरव का वर्जन टैगोर की कविता जैसा था। अदरक और स्वाद का उनका उपयोग। उफ्फ़।"