Disha Salian Death: दिशा के पिता ने बेटी के रेप और हत्या का किया दावा, आदित्य ठाकरे के खिलाफ की FIR की मांग
दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की एक्स मैनेजर दिशा सालियान के पिता ने बेटी की मौत के 4 साल बाद मामले की CBI जांच की मांग की है।
Disha Salian Death Case: दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की तरह ही उनकी पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की दुखद मौत का केस भी उलझा हुआ है। उनके निधन के 4 साल बाद भी उनका परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है। अब, दिशा के पिता ने मामले की नए सिरे से जांच की मांग की है, जिसके लिए उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। याचिका में दिशा की मौत के मामले में राजनीतिक हस्तक्षेप का आरोप लगाया गया है, जिसकी वजह से मौत की रिपोर्ट में गड़बड़ी हुई। दिशा के पिता ने जांच को 'केंद्रीय जांच ब्यूरो' (CBI) को सौंपने की मांग की है। उनके वकील नीलेश ओझा ने पुष्टि की कि वे याचिका दायर करने की प्रक्रिया में हैं और जल्द ही इसे हाई कोर्ट की रजिस्ट्री में क्रमांकित किया जाएगा। याचिका में दावा किया गया है कि दिशा के साथ बलात्कार किया गया था, जिसके बाद उनकी हत्या कर दी गई। इसके अलावा, याचिका में आरोप लगाया गया है कि मुंबई पुलिस ने फोरेंसिक सबूत, डिटेल्स या चश्मदीद गवाही की पूरी तरह से जांच किए बिना केस बंद कर दिया। दिशा के परिवार ने शुरू में माना था कि जांच सही थी, लेकिन अब उन्हें शक है कि राजनीतिक हस्तक्षेप ने प्रभावशाली व्यक्तियों को बचाया है।