राजस्थान में फिर बदला मौसम, अगले दो दिन तक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में अप्रैल महीने की शुरुआत में एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली। प्रदेश में अप्रैल महीने में अक्सर तेज गर्मी का असर देखने को मिलता है
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में अप्रैल महीने की शुरुआत में एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली। प्रदेश में अप्रैल महीने में अक्सर तेज गर्मी का असर देखने को मिलता है, लेकिन इस बार लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलती नज़र आ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान में 3-4 अप्रैल को कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बताई जा रही है।
कई जिलों में ओलावृष्टि की संभावना
प्रदेश में अगले दो दिन तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई जा रही है। राजस्थान में आज जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कई जिलों में बादल छाए हुए है। यहां दोपहर बाद तेज आंधी के साथ बारिश की प्रबल संभावना है। ऐसे में कई जगह बारिश के साथ ओलावृष्टि के आसार भी बताए जा रहे हैं। मौसम विभाग की रिपोर्ट को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की हिदायत दी गई है।
इन जिलों में येलो अलर्ट जारी
प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम बदला हुआ नज़र आ रहा है। एक दिन पहले भी कई जिलों में बारिश हुई थी। अब मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। जयपुर, अजमेर, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, बूंदी, झालावाड़, नागौर, पाली, जोधपुर, कोटा, बारां, झुंझुनू आदि शामिल हैं।
किसानों के लिए मुसीबत..?
बता दें प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से मौसम में हुए बदलाव से किसानों की चिंता बढ़ गई हैं। क्योंकि इस समय प्रदेश में फसल कटाई का समय हैं, ऐसे में खेतों में पककर तैयार खड़ी फसलों को तेज बारिश और ओलावृष्टि के काफी नुकसान पहुंच सकता हैं। कई जगह किसान बारिश और ओलों से होने वाले नुकसान से फसलों को बचाने के लिए अनाज को तिरपाल से ढकने का इंतजाम कर रहे हैं।