पकड़े जा रहे अवैध बांग्लादेशी नागरिक, दिल्ली से महारष्ट्र तक पुलिस युद्धस्तर पर चला रही अभियान
भारत में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। दिल्ली और महाराष्ट्र में कई परिवारों से पूछताछ की गई है।
दिल्ली से लेकर महाराष्ट्र तक अवैध रूप से भारत में आए बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। महाराष्ट्र ATS ने राज्य के कई जिलों में छापेमारी कर कई अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इसी तरह, दिल्ली में भी बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़कर वापस उनके देश भेजा जा रहा है। हाल ही में, 8 बांग्लादेशी नागरिकों को देश से निकालकर बांग्लादेश भेजा गया है। महाराष्ट्र एटीएस ने 9 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है, जिनके खिलाफ 5 एफआईआर दर्ज हैं। दिसंबर में एटीएस ने अब तक कुल 19 एफआईआर दर्ज कर 43 बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया है। नए साल की पूर्व संध्या पर, एटीएस ने बिना वैध पहचान पत्र के रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ एक स्पेशल ड्राइव चलाई, जिसमें इन 9 लोगों को पकड़ा गया। एटीएस ने पिछले चार दिनों से मुंबई के विक्रोली समेत महाराष्ट्र के नासिक, अकोला, नांदेड़ और औरंगाबाद में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस कार्रवाई में उसे बड़ी सफलता मिली है। पकड़े गए आरोपियों पर भारत में अवैध तरीके से घुसने और फर्जी दस्तावेज बनाने के आरोप हैं। पुलिस को इनके पास से फर्जी आधार कार्ड और वोटर आईडी जैसे दस्तावेज मिले हैं।