तो इस कारण से हादसे का शिकार हुआ था देश के पहले CDS बिपिन रावत का हेलीकॉप्टर, संसद में पेश हुई रिपोर्ट
8 दिसंबर 2021 को तमिलनाडु के कन्नूर में एक हेलीकॉप्टर हादसे में भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत का निधन हो गया था।
साल 2021 में देश के पहले CDS जनरल बिपिन रावत का हेलीकॉप्टर हादसे में निधन हो गया था। इस दुखद घटना में उनकी पत्नी मधुलिका रावत समेत कुल 12 लोगों की जान चली गई थी। उस समय इस हादसे को लेकर कई अटकलें और दावे सामने आए थे। अब इस घटना के 3 साल बाद संसद की स्थायी समिति ने अपनी जांच रिपोर्ट लोकसभा में पेश की है। रिपोर्ट में बताया गया है कि जनरल बिपिन रावत का हेलीकॉप्टर मानवीय गलती की वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। जनरल बिपिन रावत जिस Mi-17V5 हेलीकॉप्टर में सफर कर रहे थे, वह खासतौर पर वीवीआईपी लोगों के लिए बनाया गया है। यह हेलीकॉप्टर दो इंजन के साथ आता है और दुर्गम इलाकों में सेना इसका इस्तेमाल करती है। इसे दुनिया के सबसे आधुनिक ट्रांसपोर्ट हेलीकॉप्टरों में गिना जाता है। सेना इस हेलीकॉप्टर का उपयोग जवानों और हथियारों को ले जाने, फायर सपोर्ट देने, गश्त करने और सर्च-एंड-रेस्क्यू जैसे मिशनों के लिए करती है।