रिपब्लिक डे परेड देखने के लिए 2 जनवरी से कर सकेंगे टिकट बुक, जानें क्या है बुकिंग प्रक्रिया
गणतंत्र दिवस नजदीक है, और अगर आप इस खास मौके पर होने वाली परेड को देखना चाहते हैं, तो आप आसानी से घर बैठे ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं।
republic day parade 2025 tickets: अगर आप दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड और बीटिंग रिट्रीट देखना चाहते हैं, तो इसके लिए टिकट 2 जनवरी 2025 से मिलना शुरू हो जाएंगे। 26 जनवरी 2025 की गणतंत्र दिवस परेड को देखने के लिए टिकट की कीमत 20 रुपए और 100 रुपए रखी गई है। खास बात ये है कि अब आप घर बैठे मोबाइल से वेबसाइट पर जाकर आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं। गणतंत्र दिवस, यानी 26 जनवरी को हर साल भारत की राजधानी दिल्ली में एक बड़ी परेड होती है। यह परेड हमारे देश की सैन्य ताकत, सांस्कृतिक धरोहर और एकता को दिखाती है। इसमें भारतीय सेना की अलग-अलग शाखाओं, पुलिस बलों, स्कूली बच्चों और सांस्कृतिक दलों के साथ-साथ अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियां भी शामिल होती हैं।